छात्रा से मारपीट कर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

महिला से गैंगरेप में ससुर व जेठ पर एफआईआर

नोएडा। शहर में चाकू के दम पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। स्कूल से लौटते समय छात्रा को गुमराह कर आरोपी अपने घर ले गया। जहां मारपीट कर हैवानियत को अंजाम दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। नोएडा सेक्टर-39 थानांतर्गत सदरपुर कॉलोनी में 14 वर्षीय छात्रा सपरिवार रहती है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को वह स्कूल से घर लौट रही थी। इस बीच युवक ओंकार पांडेय रास्ते में मिला। छात्रा को गुमराह कर ओंकार अपने घर ले गया। वहां चाकू के दम पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में पीड़िता ने घर आकर परिवार को आप-बीती सुनाई। तदुपरांत पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी ओंकार पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छात्रा को बताया था कि उसकी मां मेरे घर पर है। वह छात्रा को वहां पर बुला रही है। आरोपी का यकीन कर छात्रा उसके साथ चली गई थी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है। उधर, सूरजपुर थाना क्षेत्र में महिला से गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुर और जेठ ने मारपीट कर महिला की अस्मत से खिलवाड़ किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पीड़िता के ससुर राजवीर तथा जेठ कैलाश के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी कैलाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार राजवीर की पुलिस तलाश कर रही है।