आएं और डीएमआईसी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में लगाएं उद्योग
19 औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की स्कीम लॉन्च
ग्रेटर नोएडा। उद्यमियों के लिए यह खबर बेहद खास है। डीएमआईसी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में उद्योग स्थापित करने का अच्छा अवसर मिल रहा है। यह देश की सबसे स्मार्ट टाउनशिप में शुमार है। वहां औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की स्कीम लॉन्च हो गई है। इसके तहत 19 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। डीएमआईसी आईआईटीजीएनएल की वेबसाइट के जरिए 24 सितम्बर से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
डीएमआईसी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का संयुक्त उपक्रम है। ग्रेटर नोएडा लिमिटेड द्वारा करीब 747.5 एकड़ में इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप बसाई गई है। इस टाउनशिप में 5 बड़ी कंपनियां अपना प्लांट स्थापित कर चुकी हैं। इनमें हायर इलेक्ट्रॉनिक्स, फॉर्मी मोबाइल, सत्कृति इंफोटेनमेंट, चेनफेंग टेक और जे वर्ल्ड इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। ये कंपनियां 3700 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश कर रही हैं। इनमें करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इनके अलावा देश-विदेश की कई बड़ी कंपनियां इस टाउनशिप में निवेश की इच्छुक हैं। इन कंपनियों की डिमांड को देखकर डीएमआईसी आईआईटी जीएनएल के सीईओ व एमडी नरेंद्र भूषण के निर्देश पर इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में औद्योगिक भूखंडों की योजना लॉन्च की गई है।
इस योजना के तहत 18602 वर्ग मीटर से लेकर 54,602 वर्ग मीटर एरिया तक भूखंड हैं। इनकी कीमत 16,990 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। इन भूखंडों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। इसका ब्रोशर आईआईटीजीएनएल की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदक इसी वेबसाइट पंजीकरण पर ई-लैंड मैनेजमेंट सिस्टम पर पंजीकरण कर भूखंडो के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के समय 25 हजार रुपये बतौर पंजीकरण राशि और भूखंड की कुल कीमत का 10 प्रतिशत राशि का भुगतान करना होगा।
आवंटन की प्रक्रिया एक माह में पूर्ण कर जल्द कब्जा दे दिया जाएगा। कुल कीमत का 30 फीसदी भुगतान मिलने पर आवेदक को कब्जा मिल जाएगा। यह ओपन एंडेड स्कीम है। प्रत्येक माह की एक से 15 तारीख के बीच आने वाले आवेदनों को 16 तारीख को ओपन किया जाएगा और 16 से 30 के बीच आने वाले आवेदनों को प्रत्येक माह की एक तारीख को ओपन किया जाएगा।
सभी सेवाओं की निगरानी की व्यवस्था
इस स्मार्ट टाउनशिप में ऑटोमेटेड वेस्ट प्लांट स्थापित किया गया है। हर प्लांट से पाइप के जरिए कूड़ा प्लांट तक पहुंचेगा और प्रोसेस होकर कंपोस्ट में तब्दील हो जाएगा। हर प्लांट पर उसके लिए प्वाइंट दिए गए हैं। पेयजल को छोड़कर शेष जरूरत कासना स्थित 137 एमएलडी एसटीपी से शोधित पानी से पूरी होगी। प्लग एंड प्ले के आधार पर विकसित इस टाउनशिप में उद्यमी तत्काल प्लांट लगाकर काम आरंभ कर सकता है। इस टाउनशिप में वर्क टू साइकिल, 24 घंटे बिजली, एलईडी लाइट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। यह टाउनशिप सीसीटीवी से लैस होगी। इस टाउनशिप की सभी सेवाओं की निगरानी के लिए अत्याधुनिक आईसीटी तकनीक से निर्मित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
















