यमुना प्राधिकरण को मिले कुल 4450 आवेदन
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की औद्योगिक भूखंडों की योजना को काफी अच्छा रिस्पांस मिला है। उद्यमियों ने इस योजना में काफी दिलचस्पी दिखाई है। 364 भूखंडों के लिए 4450 आवेदन आने से विभागीय अधिकारी गदगद नजर आ रहे हैं। योजना का ड्रा 15 अप्रैल को निकाला जाएगा। सभी आवेदनों की प्राधिकरण स्तर पर जांच की जाएगी। जांचोपरांत आवेदकों की सूची वेबसाइट पर डाली जाएगी। यमुना प्राधिकरण ने ट्वाय सिटी, हैंडीक्राफ्ट पार्क, एमएसएमई/सामान्य भूखंडों की योजना निकाली थी। इस योजना में बिक्री के लिए कुल 364 भूखंड रखे गए हैं। ट्वाय सिटी में 24, हैंडीक्राफ्ट में 47 और एमएसएमई/सामान्य में 296 भूखंड हैं। ये भूखंड 4 हजार वर्ग मीटर से कम के हैं। यमुना प्राधिकरण के निवेश सेल के प्रभारी शैलेंद्र भाटिया के मुताबिक इस योजना में 25 मार्च तक आवेदन लिए गए थे। सभी प्रक्रिया ऑनलाइन संपन्न कराई गई। इस योजना में 4450 आवेदन आए हैं। अब सभी आवेदनों की जांच की जाएगी। जांच के बाद आवेदकों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इस योजना का ड्रा 15 अप्रैल को निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि तमाम प्रक्रिया समय पर पूरी कर ली जाएगी। यमुना प्राधिकरण की आवासीय योजना में भी नागरिकों ने रूचि दिखाई है। 25 मार्च तक 22 हजार आवेदन की बिक्री हो चुकी है। बैंक रजिस्ट्रेशन शुल्क को भी फाइनेंस करने लगा है। इस कारण आवेदकों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। 30 मार्च तक आवेदन किए जा सकते हैं। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस बार फार्म रिकार्ड संख्या में बिक सकेंगे। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि औद्योगिक और आवासीय योजना को कामयाबी मिल रही है।
















