आवंटित किए जाएंगे 41 बड़े भूखंड, करें ऑनलाइन आवेदन
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओपेन-इंडेड योजना में पूर्व में आवेदन करने से चूक गए उद्यमियों के लिए अच्छी खबर है। औद्योगिक इकाइयों एवं उद्यमियों को आवेदन करने का एक और सुनहरा अवसर मिल रहा है। ग्रेनो प्राधिकरण ने मंगलवार से औद्योगिक भूखंड आवंटन की योजना आरंभ की है। इस योजना में 4 हजार वर्ग मीटर तक के 38 भूखंड तथा 4 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल के 3 भूखंड सेक्टर इकोटेक-10 एवं सेक्टर इकोटेक-11 में आवंटन के लिए उपलब्ध होंगे। औद्योगिक भूखंड आवंटन की ओपेन-इंडेड योजना का ब्रोशर, नियम व शर्तें, भूखंडों की सूची एवं अन्य विवरण प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध है। ग्रेनो प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के मुताबिक इस योजना में 30 जून तक डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट निवेश मित्र डॉट यूपी डॉट एनआईसी डॉट इन पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। 30 जून तक औद्योगिक भूखंड आवंटन के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों का निर्धारित परीक्षण एवं मूल्यांकन के उपरांत 1 जुलाई से 10 जुलाई के मध्य आवंटन प्रक्रिया को पूर्ण कर आवंटन ड्रा एवं साक्षात्कार के जरिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त योजना के अंतर्गत आवंटित किए जाने औद्योगिक भूखंडों का आकार 905 वर्ग मीटर से 4061.37 वर्ग मीटर तक है। इस योजना के अंतर्गत भूखंडों का आवंटन सेक्टर की निर्धारित आवंटन दरों पर किया जाएगा। आवेदन के पश्चात आवंटन के लिए गठित समिति द्वारा प्रपत्रों तथा दस्तावेजों के मूल्यांकन के उपरांत 4 हजार वर्ग मीटर तक के औद्योगिक भूखंडों का आवंटन ड्रा के जरिए तथा 4 हजार वर्ग मीटर से अधिक भूखंडों का आवंटन साक्षात्कार के जरिए किया जाएगा। इस योजना में सभी भुगतान सिर्फ ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। एसीईओ ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत लगभग 83000 वर्ग मीटर भूमि के आवंटन से प्राधिकरण को लगभग 93 करोड़ के राजस्व की प्राप्ति होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा संस्थागत, सूचना प्रोद्योगिकी, बिल्डर्स, आवासीय, ग्रुप हाउसिंग, वाणिज्यिक तथा निर्मित भवनों की योजना आदि की नई योजनाएं जल्द लाई जाएंगी। एसीईओ ने बताया कि ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण उप्र सरकार के सहयोग से निवेश पूरक वातावरण एवं औद्योगिक नीतियां तैयार कर उद्यमियों एवं निवेशकों के लिए रेड कारपेट उपलब्ध करा रहा है, जिससे कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश, विनिर्माण, इज ऑफ डुइंग बिजनेस आदि के जरिए औद्योगिक निवेश के लिए निरंतर आकर्षित व आमंत्रित कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय इकाइयां निवेश करने में अपनी रूचि प्रदर्शित कर रही हैं। जापान, कोरिया, ताईवान आदि देशों की इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में कार्यरत कंपनियां अपनी इकाई ग्रेटर नोएडा में स्थापित करने की इच्छुक हैं, जिनके लिए प्राधिकरण द्वारा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।
















