ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण खोलेगा 6 प्रशिक्षण केंद्र

युवाओं को प्रशिक्षित कर दिलाया जाएगा रोजगार

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा 6 प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की जाएगी। इन केंद्रों में युवाओं को प्रशिक्षित कर औद्योगिक इकाइयों में रोजगार दिलाने का प्रयास होगा। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के साथ मिलकर प्राधिकरण इन प्रशिक्षण केंद्रों को आरंभ करेगा। इन केंद्रों में 1170 सीट होंगी। वहां आॅटोमेटिव, इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकॉम सेक्टर के कोर्स कराए जाएंगे। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहरी एवं ग्रामीण बेरोजगार युवकों/युवतियों को प्रशिक्षण के लिए 6 केंद्र आरंभ।

ग्रेनो प्राधिकरण ने इस योजना को गति देने के लिए कौशल विकास विभाग गठित किया है। इस विभाग का अध्यक्ष ओएसडी सचिन कुमार सिंह को बनाया गया है। इन केंद्रों में आॅटोमोटिव सेक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर और टेलीकॉम सेक्टर से जुड़े पाठ्यक्रम कराए जाएंगे। ये कोर्स तीन से छह माह की अवधि के होंगे। इन केंद्रों को 25 जुलाई को आरंभ किया जाना था, मगर किसी कारण से इसमें देरी हो गई। उम्मीद है कि इस सप्ताह यह केंद्र शुरू हो जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के अधीन 124 गांव आते हैं। इन गांवों के युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने हैं। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों को रोजगार दिलाने के लिए कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है।

कंपनियों की जरूरत के हिसाब से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उधर, नॉलेज पार्क टू स्थित जीएनआईओटी परिसर, ईकोटेक थ्री स्थित उद्योग केंद्र, चिपियाना बुजुर्ग स्थित आईटीआई, सेक्टर अल्फा वन स्थित ट्रेडिक्स टावर, मुबारकपुर स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल व नॉलेज पार्क थ्री स्थित प्लॉट नंबर-38 में यह प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के बेरोजगार शहरी एवं ग्रामीण युवकों/युवतियों को प्रशिक्षण देगा। इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों में प्लेसमेंट कराने में सहायता की जाएगी। ग्रेनो प्राधिकरण अपने क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों से संपर्क में है। उसका प्रयास रहेगा कि कंपनियों की डिमांड के अनुरूप कोर्स कराए जाएं, ताकि युवाओं को नौकरी मिलने में आसानी रहे।