ग्रेनो वेस्ट के रेजीडेंट्स की दूर होगी परेशानी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रेजीडेंट्स की बड़ी टेंशन दूर होने जा रही है। विभिन्न समस्याओं के निदान के लिए उन्हें ज्यादा तकलीफ नहीं उठानी पड़ेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का कार्यालय अब नजदीक आ रहा है। बालक इंटर कॉलेज नॉलेज पार्क-5 में 14 जुलाई से ग्रेनो प्राधिकरण का अस्थाई कार्यालय आरंभ हो जाएगा। जहां रेजीडेंट्स की समस्याओं का हाथों-हाथ निपटारा हो सकेगा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रेजीडेंट्स को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय जाना पड़ता था। ग्रेनो वेस्ट से ग्रेनो प्राधिकरण कार्यालय की दूरी काफी अधिक है। ऐसे में रेजीडेंट्स का समय और पैसा दोनों खर्च होता था। किसी काम के लिए अक्सर उन्हें 2-3 चक्कर काटने पड़ते थे। जिस वजह से परेशानी और बढ़ जाती थी। इसके चलते रेजीडेंट्स काफी समय से ग्रेनो वेस्ट में क्षेत्रीय कार्यालय की डिमांड कर रहे थे। ग्रेनो प्राधिकरण की कुछ दिन पहले आयोजित बोर्ड बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव रखा गया था। इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई थी। ग्रेनो प्राधिकरण अब रेजीडेंट्स की सहुलियत के लिए कदम उठा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बुधवार से बालक इंटर कॉलेज नॉलेज पार्क-5 में अस्थाई कार्यालय की शुरुआत कर देगा। वहां प्रत्येक बुधवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) या महाप्रबंधक (जीएम) स्तर के अधिकारी बैठकर जनता की समस्याओं का श्रवण करेंगे। सीईओ नरेंद्र भूषण बुधवार की सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक वहां उपलब्ध रहेंगे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ग्रेनो वेस्ट में स्थाई कार्यालय पर काम चल रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर अस्थाई दफ्तर को वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।
















