ग्रेटर नोएडा। विभिन्न सेक्टरों की समस्याओं का निदान कराने में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गंभीरता दिखाई है। समस्याओं की अनदेखी किए जाने पर प्राधिकरण ने 2 ठेकेदारों पर एक लाख रुपए का जुर्माना किया है। व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार न होने और पुन: लापरवाही सामने आने की दशा में और कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जीएम) एके अरोड़ा ने टीम के साथ अलग-अलग सेक्टर का दौरा किया। उन्होंने बीजेडपी एरिया और ईकोटेक-2 सेक्टर का भ्रमण किया। उनके साथ आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इस दौरान सेक्टरों में नाली, सीवर, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई आदि कार्यों की समीक्षा की गई। ईकोटेक टू सेक्टर में नाली क्षतिग्रस्त पाई गई। इसके चलते मै. एस.के. एसोसिएट पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा कुलेसरा पुल के पास पेड़-पौधों की देखभाल नहीं करने और लापरवाही बरतने के आरोप में भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जीएम अरोड़ा ने सेक्टर में सड़क की पटरी से मिट्टी उठाने, पेड़ों की छंटाई करने, पटरी ड्रेसिंग इत्यादि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं। व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर ठेकेदारों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
















