ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अवैध निर्माण ध्वस्त

ग्रेटर नोएडा। अवैध निर्माण के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सख्त रूख अपना रहा है। इसके चलते पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया है। यह सोसाइटी ग्रेटर नोएडा वेस्ट में है। ग्रेनो प्राधिकरण को शिकायत मिली थी कि पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी के टी टावर के नीचे अवैध निर्माण किया गया है। वहां डीजल स्टोर किए जाने का काम हो रहा था। सोसाइटी के विनय कुमार, मुनेश सिंह और रोहित गुप्ता आदि ने इस संदर्भ में ग्रेनो प्राधिकरण और दमकल विभाग से शिकायत की थी। शिकायत पर संज्ञान लेकर ग्रेनो प्राधिकरण की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अवैध निर्माण से संबंधित कागजात मांगे गए। इसके बाद शुक्रवार को अवैध निर्माण को ढहा दिया गया। रेजीडेंट्स ने बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बिल्डर पक्ष का कहना है कि कुछ रेजीडेंट्स द्वारा साजिश के तहत सोसाइटी को बदनाम करने हेतु दुष्प्रचार किया जा रहा है। उधर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण को कतई बरदाश्त नहीं किया जाएगा।