चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर फरार
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में बदमाशों का आतंक रूक नहीं पाया है। अब चालक को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट ली गई है। होश में आने पर चालक ने वारदात की सूचना ट्रैक्टर मालिक को दी। बाद में कासना कोतवाली में शिकायत की गई। पुलिस ने 3 बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। फरार बदमाशों की सरगर्मी से तलाश हो रही है। पुलिस का कहना है कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नजदीकी डाढा गांव में रणपाल भाटी रहते हैं। रणपाल के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चालक के तौर पर सन्नी काम करता है। उन्होंने सन्नी को किसी काम से कासना भेजा था। चालक को कासना से ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामान लेकर एच्छर गांव में छोड़ने जाना था। इस बीच रास्ते में 3 बदमाशों ने सन्नी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद बदमाश पीड़ित सन्नी को नशे की हालत में सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर रफूचक्कर हो गए। होश में आने पर पीड़ित ने वारदात की जानकारी मालिक रणपाल को दी। रणपाल ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश आरंभ कर दी है। उधर, पुलिस का दावा है कि यह लूट नहीं बल्कि चोरी का मामला है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन चल रही है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। बता दें कि कुछ दिन पहले यमुना एक्सप्रेस-वे पर बदमाशों ने विद्युत विभाग के अवर अभियंता और लाइनमैन के साथ लूटपाट की थी। विरोध करने पर दोनों को पीटा गया था। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में आए दिन लूटपाट की वारदात होने के बावजूद पुलिस कोई ठोस कदम उठाती नजर नहीं आ रही है।
















