नीलामी के जरिए पहली बार आवंटित होंगे औद्योगिक भूखंड

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) में औद्योगिक भूखंडों का नीलामी के जरिए आवंटन करने की तैयारी पूरी हो गई है। यमुना प्राधिकरण में गुरुवार को पहली बार नीलामी के माध्यम से औद्योगिक भूखंडों की नीलामी की जाएगी। नीलामी में कुल छह भूखंड रखे गए हैं। इसके लिए अस्सी आवेदक बोली लगाएंगे। नीलामी प्रक्रिया दोपहर दो से शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। जेवर में एयरपोर्ट का निर्माण आरंभ होने के बाद से औद्योगिक भूखंडों की डिमांड में वृद्धि हुई है। इसके मद्देनजर यमुना प्राधिकरण ने अब औद्योगिक भूखंडों को नीलामी के जरिए आवंटित करने का फैसला लिया है। यमुना प्राधिकरण ने तेईस मई को चार हजार वर्ग मीटर से बड़े छह भूखंडों की योजना लॉन्च की थी।

भूखंड योजना में गत आठ जून तक आवेदन किए गए। छह भूखंडों के लिए ९३ आवेदन आए हैं। इन आवेदनों की जांच की गई। इसमें से ८० आवेदक नीलामी में हिस्सा लेंगे। गुरुवार को दोपहर दो बजे से सांय बजे से तक नीलामी होगी। उधर, यमुना प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) मोनिका रानी के मुताबिक इस योजना में चार हजार वर्ग मीटर से बड़े छह औद्योगिक भूखंड शामिल हैं। नीलामी प्रक्रिया की सभी तैयारियां कर ली गई हैं।