पहल : शुरू होगा नोएडा आपके द्वार कार्यक्रम

गांवों की समस्याएं निपटाएंगे प्राधिकरण अधिकारी

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण अब नोएडा आपके द्वार कार्यक्रम की शुरुआत करेगा। कार्यक्रम का मकसद गांवों को समस्याओं से मुक्त कराना है। इसके तहत प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को विभागीय अधिकारियों की टीम गांवों में पहुंचेगी। इस दरम्यान ग्रामीणों से संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली जाएगी। सामने आई समस्याओं का जल्द से जल्द निदान कराने की कोशिश होगी।

नोएडा आपके द्वार कार्यक्रम 3 अगस्त से शुरू होगा। कार्यक्रम को सुचारू रखने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने अगस्त व सितंबर का रोस्टर भी जारी कर दिया है। ऐसे में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य महाप्रबंधक के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को गांवों का रूख करेगी। टीम में सिविल, जल, जन-स्वास्थ्य, उद्यान, भूलेख विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे। नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने इस टीम में महाप्रबंधक (सिविल), उप-महाप्रबंधक (जल) व वरिष्ठ परियोजना अभियंता (जन-स्वास्थ्य) को आवश्यक रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त संबंधित तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के क्षेत्रीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान समस्याओं का जल्द निदान कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण के मुख्य महाप्रबंधक राजीव त्यागी के मुताबिक इस कार्यक्रम के लिए अगस्त व सितंबर का रोस्टर जारी कर दिया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत 3 अगस्त को सुबह 10 बजे से सफार्बाद गांव से की जाएगी। तदुपरांत 5 को सोरखा, 10 को इलाबांस, 12 को नया गांव, 17 को भंगेल, 24 को सलारपुर, 26 को रायपुर और 31 अगस्त को असगरपुर जागीर में यह कार्यक्रम होगा। इससे गांवों की समस्याओं का निपटारा करने में आसानी होगी।