जेवर एयरपोर्ट : अगस्त में काम शुरू होने की उम्मीद

ग्रेटर नोएडा पहुंचे कमिश्नर, प्रोजेक्ट की साइट का दौरा किया

ग्रेटर नोएडा। जेवर एयरपोर्ट पर नई खबर सामने आई है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य अगस्त में आरंभ हो सकता है। इसके लिए तैयारी तेज हो गई है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्रभावित परिवारों को जेवर बांगर में बसाया जाना है। तदुपरांत विकासकर्ता कंपनी को भूमि सौंप दी जाएगी। मेरठ के मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को जेवर एयरपोर्ट की साइट का स्थलीय निरीक्षण किया। ऐसे में जेवर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने विस्थापित होने वाले 4 गांवों का दौरा किया। वह सबसे पहले नगला फूलखां पहुंचे। वहां किसानों की समस्याओं का श्रवण किया। इसके बाद मंडलायुक्त ने नगला गणेशी का दौरा किया। वहां के अधिकतर किसान विस्थापित हो चुके हैं। वहां से नगला छीतर और नगला शरीफ खां का दौरा किया। मंडलायुक्त ने सभी विभागों से जून तक हर हाल में काम निपटाने को कहा ताकि जुलाई में भूमि का हस्तांतरण विकासकर्ता कंपनी को कर दिया जाए। मंडलायुक्त ने प्रोजेक्ट की नींव रखने की कोई तिथि नहीं बताई। हालांकि उन्होंने निर्माण जल्द शुरू होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि काम शुरू करा दिया जाएगा, उसके बाद शिलान्यास हो सकता है। जून अंत तक सभी किसानों के विस्थापन का काम पूरा हो जाएगा। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के बावजूद किसान इस प्रोजेक्ट के लिए घर शिफ्ट कर रहे हैं। प्रशासन व यमुना प्राधिकरण ने विस्थापन प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया है। इस परियोजना को आगे बढ़ाने में देरी नहीं हुई है। 2024 में इस एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने का लक्ष्य है और इसे आसानी से पूरा कर लिया जाएग। इस मौके पर एयरपोर्ट प्रभारी रजनीकांत मिश्रा, एडीएम (भू अध्यापित) बलराम सिंह, एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी एवं यमुना प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया आदि मौजूद रहे। उधर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बुधवार को सोशल मीडिया पर ट्वीट कर जानकारी दी कि अगस्त में एयरपोर्ट का शिलान्यास हो जाएगा। इसके शिलान्यास से जेवर क्षेत्र के विकास को पंख लगेंगे। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट इस क्षेत्र की तकदीर बदल देगा। स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, रजवाहों की शिफ्टिंग इसी माह पूरी होगी। एयरपोर्ट की साइट का दौरा करने के बाद मंडलायुक्त ने जेवर एयरपोर्ट की समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों से आंगनबाड़ी केंद्र, आॅप्टिकल फाइबर की लाइन, बिजली की लाइन, नहर व रजवाहों को शिफ्ट करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही किसान जेवर बांगर में शिफ्ट हो जाते हैं, इन कार्यों को तुरंत पूरा किया जाए। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह जेवर एयरपोर्ट की साइट का दौरा करने के बाद यमुना प्राधिकरण के कार्यालय पहुंचे। यहां पर जेवर एयरपोर्ट परियोजना की समीक्षा की गई। बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह, डीएम सुहास एलवाई, एसीईओ मोनिका रानी व रविंद्र सिंह, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के प्रतिनिधि व अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए।