ग्रेटर नोएडा में अंतिम संस्कार के लिए नहीं होगी वेटिंग

सीएनजी अंत्येष्टि स्थल की व्यवस्था करेगा ग्रेनो प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा। कोरोना संक्रमण से मौत के बाद शवों के अंतिम संस्कार के लिए भी वेटिंग चल रही है। इसके चलते ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सफीपुर मोक्षधाम में सीएनजी/इलेक्ट्रिक अंत्येष्टि केंद्र बनाने का निर्णय लियाा है। अगले 10 दिन में इसकी व्यवस्था कर ली जाएगी। इसके अलावा अंतिम यात्रा वाहन/शव वाहनों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। सीईओ ने प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे सेनेटाइजेशन कार्य, कोविड टेस्टिंग कैंप तथा अन्य कार्यों की समीक्षा की। बैठक में एसीईओ दीप चंद्र, ओएसडी सचिन कुमार सिंह, ओएसडी एसपी शुक्ला, वित्त महाप्रबंधक एचपी वर्मा, जीएम परियोजना एके.अरोड़ा, जीएम नियोजन मीना भार्गव, डीजीएम वित्त मोनिका चतुवेर्दी आदि मौजूद रहे। सीईओ ने कहा कि प्राधिकरण के सभी अधिकारियों/कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिए अगामी सप्ताह तथा उसके अगले सप्ताह में विशेष कोविड टेस्टिंग शिविर लगाए जाएंगे। इसमें सभी की जांच की जाएगी। प्राधिकरण अपने सफाई कर्मचारियों, सेनेटाइजेशन कर्मचारियों तथा फ्रंट लाइन वर्कर्स की सुरक्षा तथा आॅक्सीजन का स्तर/मात्रा आदि की जानकारी के लिए सुविधा दी जाएगी। सीईओ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सीएनजी/इलेक्ट्रिक क्रिमिनेशन सेंटर की स्थापना के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करें। साथ वर्तमान आवश्यकता को देखकर एक सीएनजी क्रिमिनेशन सेंटर की व्यवस्था की जाए। 10 दिनों में मोक्षधाम, सफीपुर में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। प्राधिकरण की तरफ से अंतिम यात्रा वाहन की व्यवस्था कराई जाए। ऐसे वाहन दो महीने के लिए किराये पर लिए जाएं। प्राधिकरण अपनी टीमों के माध्यम से ग्रेटर नोएडा क्षेत्र (शहरी एवं ग्रामीण) में सेनेटाइजेशन अभियान चला रहा है। प्राधिकरण की टीमों ने ग्राम-सादुल्लापुर, वेदपुरा, सादोपुर, धूम मानिकपुर, भाला रावल, सुनपुरा, सैनी, जान समाना, तिलपता कार्नवास, भनौता, खेरी, आमका, रूपवासपुर, कैलाशपुर, खोदना खुर्द, खोदना कला, सुरजपुर, डाबरा, अस्तौली, देवता, आजमपुर गढ़ी, बुलंद खेड़ा, इशुपुर आदि में विशेष अभियान चलाया गया। इसके अलावा सेक्टर अल्फा-1, अल्फा-2, गामा-1, गामा-2, सिग्मा-1, 4, जीटा-1, ईटा-1, पाई-1, पाई-2, सेक्टर-37, बीटा-1, 2, डेल्टा-1, 2, 3, इकोटेक-2, सेक्टर-10, 12, 16 चाई-1, चाई-2, ओमेगा-2 आदि में पड़ने वाले बस शेल्टरों/स्टैंड, कैंटीन, पुलिस चौकी, पार्कों, मार्केट्स, सार्वजनिक शौचालय, व्यवसायिक स्थानों तथा पेट्रोल पम्पों आदि पर सेनेटाइजेशन अभियान चलाया गया।