सीईओ ने साइट स्टोर व शौचालय का लोकार्पण किया
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियों के लिए 32 साइट स्टोर और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उद्यान और जन-स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी साइट स्टोर में आराम से बैठकर दोपहर का भोजन कर सकेंगे। इसके अलावा वह शौचालय का भी इस्तेमाल कर पाएंगे।
नवनिर्मित साइट स्टोर एवं शौचालयों का मंगलवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेवरी ने लोकार्पण किया। उद्यान नर्सरी सेक्टर-8 में आयोजित कार्यक्रम में सीईओ ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि विभागीय कर्मचारियों को जरूरी सुविधा मिल गई है। कार्यक्रम में नोएडा एम्प्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी राजकुमार ने बताया कि उद्यान एवं जन-स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को सुबह उपस्थिति दर्ज होने के समय एवं दोपहर का भोजन करने हेतु कोई भी स्थान उपलब्ध नहीं था। दोनों विभाग में काफी संख्या में महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं। शौचालय की सुविधा भी न मिलने के कारण इन कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसके मद्देनजर साइट स्टोर और शौचालय की जरूरत महसूस की गई थी। अलबत्ता नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में साइट स्टोर एवं शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) नेहा शर्मा, विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) इंदु प्रकाश के अलावा नोएडा एम्प्लाइज एसोसिएशन के महासचिव धर्मेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
















