बोर्ड बैठक में 2021-22 के लिए बजट को स्वीकृति
जेवर एयरपोर्ट को दिए जाएंगे 1084 करोड़ रुपए
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की बहुप्रतिक्षित बोर्ड बैठक संपन्न हो गई। बैठक में वित्त वर्ष 2021-22 के लिए बजट को स्वीकृति मिल गई। चालू वित्त वर्ष में 4505.51 करोड़ की आय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आय के सापेक्ष 4123.77 करोड़ रुपए व्यय किए जाने का अनुमान है। बजट में विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 1596 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट को 1084 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कोरोना संक्रमण के कारण नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में देरी हो गई। हालात सामान्य होने और पाबंदियां हटने के बाद बोर्ड बैठक कराने का निर्णय लिया गया। इस दरम्यान वित्त वर्ष-2021-22 के लिए बजट को पास किया गया। बजट मंजूर होने से प्रस्तावित योजनाओं और कार्यक्रमों को अंजाम देने में आसानी होगी। चालू वित्त वर्ष में नोएडा प्राधिकरण ने विभिन्न स्त्रोतों से 4505 करोड़ 51 लाख रुपए जुटाने का लक्ष्य तय किया है। बजट में विकास कार्यों के लिए 1596 करोड़ 75 लाख, अर्बन एवं स्वास्थय सेवाओं पर 823 करोड़ 56 लाख, भूमि अधिग्रहण पर 441 करोड़ 50 लाख और गांवों के विकास पर 125 करोड़ 50 लाख रुपए व्यय करने का निर्णय लिया गया है। बजट स्वीकृत होने से शहर में निर्माणाधीन 5 अंडरपास, 2 एलिवेटेड रोड, पर्थला गोल चक्कर ओवरब्रिज, नोएडा प्राधिकरण के नए कार्यालय समेत कई योजनाओं को गति मिल सकेगी। इसके अलावा सेक्टर-161, 162, 163, 164, 165 व 166 को औद्योगिक सेक्टर के तौर पर विकसित करने की कवायद भी तेज होगी। बोर्ड बैठक में शूटिंग रेंज का नाम अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर स्व. चंद्रो तोमर के नाम पर रखने, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के वित्त पोषण से गीले कूड़े से 2 कम्प्रेस्ड बायो गैस प्लांट स्थापित करने, नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण की टेंडर प्रक्रिया में एकरूपता लाने के मामले में पीडब्ल्यूडी गाइड लाइन एवं पीडब्ल्यूडी शेडयूल ऑफ रेट्स के अनुसार टेंडर प्रक्रिया निस्तारित करने, लेखों का रख-रखाव उपार्जन और चौकीदारों के पदनाम में बदलाव को मंजूरी देने संबंधी प्रस्ताव भी पास हो गए हैं। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। जिस प्रस्ताव में संशोधन की जरूरत महसूस की गई, उसमें वह कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि बोर्ड बैठक संपन्न होने से शहर के विकास की रफ्तार भी बढ़ सकेगी।
















