नोएडा शहर को मिलेगी स्वच्छ वायु, अह्म करार

नोएडा। इंदिरा पर्यावरण भवन नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावेडकर की उपस्थिति में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत नोएडा शहर को स्वच्छ वायु प्रदान करने के मद्देनजर नेशनल नॉलेज नेटवर्क के क्रियान्वयन में उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नोएडा प्राधिकरण एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान नई दिल्ली के बीच करार किया गया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान नई दिल्ली को नोएडा शहर के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ रिप्यूट नियत किया गया है, जो कि नोएडा शहर में स्वच्छ वायु के लिए तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा। करार पर नोएडा प्राधिकरण से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण मिश्रा, उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण कुमार तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान नई दिल्ली से प्रोफेसर सागनिक डे ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में देशभर के नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम में चिन्हित 120 शहरों के करार वर्चुवल बैठक के जरिए हस्ताक्षरित किए गए। इसकी शुरुआत नोएडा के करार पत्र को मंत्री जावेडकर के समक्ष हस्ताक्षर कर प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम में सचिव वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन भारत सरकार, संयुक्त सचिव वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन भारत सरकार, अध्यक्ष केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दिल्ली, महापौर गाजियाबाद आशा शर्मा, सदस्य सचिव केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दिल्ली, म्युनिसिपल कमिश्नर गाजियाबाद महेंद्र सिंह तंवर आदि मौजूद रहे।