नियाल के अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के शिलान्यास की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसके तहत स्थल पर साफ-सफाई और चारदीवारी के सीमांकन का काम भी जारी है। संबंधित कंपनी ने अब वृक्षों को हटाने के काम पर ध्यान दिया है। इसी क्रम में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अफसरों ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जरूरी बिंदुओं पर चर्चा की गई।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. (नियाल) की ओर से निकोलस व प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश जमवाल के नेतृत्व में टीम ने नोएडा एयरपोर्ट की भूमि का दौरा किया। टीम ने चारदीवारी के सीमांकन से लेकर एयरपोर्ट की भूमि पर शेष निर्माण और पेड़ों को हटाने की रणनीति बनाई है। नोएडा एयरपोर्ट की भूमि से लगभग 11 हजार पेड़ों को हटाया जाना है। इनके बदले यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित होने वाले सेक्टरों में पौधरोपण चल रहा है। उधर, रन्हेरा में पुलिस चौकी, रोही, नगला छीतर नगला गणेशी गांव में सरकारी स्कूल व रोही में मंदिर में लगी एक मूर्ति को हटाए जाने पर भी बात हुई। अफसरों ने जल्द यीडा और प्रशासन को जल्द सभी निर्माण को हटवाने के लिए भी कहा है। एयरपोर्ट निर्माता कंपनी शिलान्यास से पहले समतलीकरण के साथ चारदीवारी का काम पूरा कर लेने को आतुर है।
यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह के मुताबिक वन विभाग की तरफ से एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित भूमि में से पेड़ों को काटने की अनुमति इसी शर्त पर मिली थी कि बदले में दस गुना पौधे लगाए जाएंगे। यीडा ने दस गुना पौधे रोपित करने का काम पूरा कर लिया है। यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-29 में ही 70 हजार पौधे लगाए हैं। इस सेक्टर में 2 किमी लंबा ग्रीन बेल्ट विकसित किया गया है। इसके अलावा एयरपोर्ट को विकसित करने वाली कंपनी ने बांगर टाउनशिप के अलावा सेक्टर-8 व 25 में भी पचास हजार से ज्यादा पौधे लगाए हैं। यीडा की तरफ से साठ हजार हेक्टेयर में इन पौधों को रोपित किया गया है। 3 साल तक इन पौधों की देखभाल भी यमुना प्राधिकरण करेगा। इसके रख-रखाव पर 3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।















