नामचीन कंपनियों को खूब लुभा रहा नोएडा

3870 करोड़ का निवेश लाएगा बंपर रोजगार

नोएडा। देश की नामचीन कंपनियों को नोएडा खूब पसंद आ रहा है। इसके चलते कुछ कंपनियां नोएडा में रोजगार करने को उतावली हैं। यह कंपनियां निकट भविष्य में लगभग 3870 करोड़ रुपए का निवेश करने की तैयारी में हैं। इससे कई हजार नागरिकों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा नोएडा प्राधिकरण की भी चांदी कटेगी। प्राधिकरण को करीब 344 करोड़ रुपए का राजस्व मिलने की उम्मीद है। नई इकाइयों के आने से साढ़े 48 हजार से ज्यादा रोजगार उत्पन्न होने की संभावना है। नोएडा प्राधिकरण की औद्योगिक भूखंड योजना का लाभ रोजगार को बढ़ाने में भी मिलेगा। औद्योगिक भूखंड योजना में 4 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा क्षेत्रफल के 65 भूखंडों का आवंटन किया गया है। योजना के अंतर्गत कुल 66 आवेदन आए थे। एक आवेदन निरस्त कर दिया गया। शेष आवेदकों की स्क्रीनिग व साक्षात्कार के बाद कुल 13 आवेदकों को सेक्टर-80, 145, 140-ए, 151 में कुल एक लाख 99 हजार 848 वर्ग मीटर भूमि का आवंटन किया गया है। 2500 करोड़ रुपये का निवेश करेगा अडाणी ग्रुप : अडाणी समूह को सेक्टर-80 को 39 हजार 146 वर्गमीटर का भूखंड आवंटित किया गया है। अडाणी समूह द्वारा नोएडा में डाटा सेंटर स्थापित करने की तैयारी में है। इस भूखंड के आवंटन से प्राधिकरण को 71 करोड़ रुपए राजस्व के तौर पर मिलेंगे। इसके अलावा डिक्सन टेक्नोलॉजी इंडिया लि. 270 करोड़ का निवेश करेगी। इस कंपनी को सेक्टर-151 में 21 हजार वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है। इससे लगभग 9 हजार रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इसी प्रकार अग्रवाल एसोसिएट्स (प्रमोर्ट्स) लि. को सेक्टर-140 ए में आईटी/आईटीएस पार्क की स्थापना हेतु 55 हजार वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है। परियोजना से करीब 30 हजार नागरिकों को रोजगार मिलने की संभावना है। नए कंपनियों में मोबाइल फोन, टेलीविजन, वॉशिंग मशीन, लैपटॉप, एयर कंडीशनर, होम टेक्सटाइल्स, फर्नीचर, हैंडीक्राफ्ट, माउथ फ्रेशनर, पान मसाला, मिठाइयां व नमकीन, खाद्य प्रसंस्करण, चीनी, गुड़ के उत्पाद, पशु आहार, पेपर प्रोडक्ट, रेडीमेड गारमेंट इत्यादि तैयार किए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक वीवटेक्स प्रोजेक्ट प्राइवेट लि., इक्यूनटेक न्यूट्री केयर एलएलपी, आरएएफ स्टेशनरी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी, रोटो पंपस लि., केके फ्रेंग्नेंस एलएलपी, सावी लेदर, मिठास स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट प्राइवेट लि., एडोराटेक्स, वेस्ट-वे इलेक्ट्रॉनिक्स लि., धामपुर एल्को कैम प्राइवेट लि. द्वारा नोएडा में निवेश किया जा रहा है।