मॉल के भीतर से एक लाख रुपए चोरी

नोएडा। नोएडा में शॉपिंग मॉल के भीतर पर्स से एक लाख रुपए चोरी कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मॉल परिसर के सीसीटीवी कैमरों की जांच हो रही है। सेक्टर-18 के मॉल में ट्रायल रूम के बाहर यह घटना घटी। थाना सेक्टर-20 में इस बावत शिकायत की गई है। पुलिस के मुताबिक सेक्टर-37 निवासी नितिका कुछ दिन पहले अपने बेटे, ननद और भांजी के साथ डीएलएफ मॉल सेक्टर-18 में खरीदारी करने गई थीं। इस बीच वह शोरूम के ट्रायल रूम में पहुंचीं। इसके पहले उन्होंने अपना पर्स ट्रायल रूम के बाहर लटका दिया। इस दरम्यान किसी ने पर्स से एक लाख रुपए चोरी कर लिए। जब वह खरीदारी करने के बाद भुगतान हेतु काउंटर पर पहुंचीं तो पर्स से कैश गायब था। उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस का कहना कि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, मॉल के भीतर चोरी की घटना से वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।