शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग, अब लगेगा भारी जुर्माना

75 हजार से डेढ़ लाख तक चुकाना पड़ेगा अर्थदंड

नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में लाइसेंसशुदा शराब विक्रेताओं की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए सरकारी तंत्र ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मनमाने दाम पर शराब की बिक्री की शिकायत मिलने पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में पहली शिकायत पर 75 हजार और दूसरी बार में डेढ़ लाख रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। पिछले 4 माह के भीतर ओवररेटिंग की शिकायतों को ध्यान में रखकर दर्जनभर से ज्यादा दुकानों पर कार्रवाई की गई है।

जनपद गौतमबुद्ध नगर में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग का खेल खूब चल रहा है। इस संबंध में सरकारी मशीनरी को निरंतर शिकायतें मिल रही हैं। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन, आबकारी विभाग और पुलिस अफसरों ने वर्चुअल बैठक कर विचार-विमर्श किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि अगर किसी भी दुकान पर तय मूल्य से ज्यादा कीमत पर शराब बेची जाती है तो पहली बार में 75 हजार और दूसरी बार में डेढ़ लाख का जुर्माना किया जाएगा। तीसरी बार में दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी दुकान पर अवैध बिक्री की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए। सभी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की जांच आबकारी विभाग की टीम करेगी। सभी दुकानों पर आबकारी विभाग के अफसरों के नंबर भी अंकित होंगे, ताकि कोई भी ग्राहक शिकायत कर सके।

वर्चुअल बैठक में जिला आबकारी अधिकारी आर.बी. सिंह, नोएडा जोन की एसीपी अंकिता शर्मा, सेंट्रल जोन से अब्दुल कादिर, ग्रेटर नोएडा जोन से प्रवीण कुमार सिंह के अलावा सभी आबकारी निरीक्षकों एवं शराब की दुकानों के मालिकों ने प्रतिभाग किया। जिला आबकारी अधिकारी आर.बी. सिंह ने बताया कि पिछले 4 माह के भीतर ओवर रेटिंग के मामलों में शराब की 13 दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।