आवासीय भूखंडों की योजना में एक हफ्ते में 9527 रजिस्ट्रेशन
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की आवासीय योजना को लेकर लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। आवासीय योजना में भू-खंड के लिए आवेदन करने में अभी तीन सप्ताह से अधिक का समय बचा है। जबकि अब तक 9000 से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। ऐसे में इस बार भू-खंड आवंटन के लिए रिकॉर्ड तोड़ संख्या में लोग आवेन कर सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक अब तक 3000 से अधिक लोगों ने फार्म फीस जमा कर दी है। उम्मीद है कि इस बार फॉर्म भरने वालों की संख्या 30000 से अधिक जाएगी।
यमुना प्राधिकरण ने 7 सितंबर को 477 आवासीय भूखंडों की योजना निकाली है। इस योजना में 7 अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। एक हफ्ते में ही 9527 लोगों ने रजिस्ट्रेशन किया है। 3093 लोगों ने फार्म फीस जमा कर दी है। 1979 लोगों ने फार्म जमा किए हैं। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुण वीर सिंह ने बताया कि योजना के सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं। इस बार अधिक आवेदन आने की उम्मीद है। आवासीय भूखंडों का आवंटन के ड्रा के जरिए होगा।
अतिरिक्त मुआवजे और लीज बैक निपटाने के लिए 22 सितंबर से रोजाना होगी सुनवाई
अतिरिक्त मुआवजे और लीज बैक को लेकर हाईकोर्ट में दायर 633 याचिकाओं को निपटाने की पहल यमुना प्राधिकरण ने कही है। प्राधिकरण ने अदालत में आवेदन दिया है। इसमें इन याचिकाओं को निस्तारित करने की मांग की गई है। अदालत ने 22 सितंबर से रोजाना इन पर सुनवाई करने के लिए कहा है। इससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकास कार्यों में जगह-जगह आ रही जमीन की बाधा जल्दी दूर होगी। यमुना प्राधिकरण के खिलाफ 29 गांव के किसानों ने 633 याचिकाएं हाईकोर्ट में दायर की हुई हैं। इससे जगह-जगह विकास कार्यों में रुकावट आ रही है।
अब प्राधिकरण ने याचिकाओं को निपटाने के लिए प्रयास किए हैं। प्राधिकरण ने हाईकोर्ट में आवेदन दिया है। मांग की है कि इन याचिकाओं पर सुनवाई की जाए। हाईकोर्ट ने यमुना प्राधिकरण के आवेदन को स्वीकार करते हुए 22 सितंबर से सुनवाई करने का फैसला लिया है। रोजाना इनकी सुनवाई होगी। प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट में 22 सितंबर से याचिकाओं पर सुनवाई शुरू होगी। इसके बाद प्राधिकरण किसानों को 64.7 प्रतिशत मुआवजा, लीजबैक समेत किसानों की सभी मांगों को पूरा कर देगा। किसानों के मसले दिसंबर तक निपटाने का लक्ष्य रखा है।
















