पुलिस और कांग्रेसियों में भिड़ंत, महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन

नोएडा। कांग्रेस की महानगर इकाई ने महंगाई के विरोध में सोमवार को बैलगाड़ी मार्च निकालने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा बैलगाड़ी मार्च को रोके जाने पर बखेड़ा खड़ा हो गया। पुलिस कार्रवाई से नाराज कांग्रेसियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेक्टर-19 में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की होने पर कांग्रेस महानगराध्यक्ष के कपड़े भी फट गए। हंगामे की सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट ने कांग्रेसियों से ज्ञापन ले लिया। पुलिस का कहना है कि धारा-144 लागू होने के कारण धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई थी। कांग्रेस ने महंगाई के विरोध्सा में सामुदायिक केंद्र सेक्टर-19 से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक बैलगाड़ी मार्च निकालने की घोषणा की थी। सोमवार की सुबह वहां काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हो गए। कांग्रेसियों ने सामुदायिक केंद्र से बैलगाड़ी मार्च निकालना शुरू किया। इस बीच पुलिस ने मार्च को रूकवा दिया। ऐसे में पुलिस और कांग्रेसियों में तनातनी हो गई। नाराज कांग्रेसियों ने पुलिस के खिलाफ हंगामा और नारेबाजी कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर एडीशनल डीसीपी रणविजय सिंह भी वहां आ पहुंचे। कांग्रेस के महानगराध्यक्ष शाहबुद्दीन ने पुलिस पर धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया। इसके चलते महानगराध्यक्ष का कुर्ता भी फट गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर रोक न लगाने पर सरकार की आलोचना की। इस अवसर पर दिनेश अवाना, राजकुमार भारती, पवन शर्मा, गौतम अवाना, लियाकत चौधरी, सतेंद्र शर्मा, रामकुमार तंवर, ललित अवाना और उषा शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।