षडयंत्रकर्ता गिरफ्तार, 2 शार्प शूटर की तलाश
ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने वारदात के षडयंत्रकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से सघन पूछताछ की गई। इस मामले में 2 हिस्ट्रीशीटर शार्प शूटर अभी फरार हैं। बता दें कि अजनारा ली गार्डन सोसाइटी ग्रेनो वेस्ट में पिछले साल 7 सितंबर को 2 प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक प्रॉपर्टी डीलर डालचंद उर्फ विराट और उसके साथी अरुण त्यागी को मौत के घाट उतार दिया गया था। वारदात के समय दोनों प्रॉपर्टी डीलर सोसाइटी में कार में बैठकर पार्टी कर रहे थे। हरियाणा के 2 हिस्ट्रीशीटर शार्प शूटरों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपी रेकी के दौरान सोसाइटी के गेट पर लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गए थे। पुलिस के मुताबिक हरियाणा निवासी मोहित ने अपने फूफा सुरेश के साथ मिलकर भाई कृष्ण की मथुरा में 2017 में की गई हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात का षडयंत्र रचा था। आरोपी ने अपने भाई की चिता पर बदला लेने की कसम खाई थी। सबसे पहले पुलिस ने मोहित और उसके हिस्ट्रीशीटर फूफा सुरेश शर्मा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मृतक कृष्ण के दोस्त निरंजन उर्फ निंजो पंडित और नामजद आरोपी रमेश उर्फ बलुसी को दबोच कर जेल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि पांचवें षडयंत्रकर्ता आरोपी हरियाणा के झज्जर जिला के सिलोटी गांव निवासी ओमवीर को गिरफ्तार किया गया है। ओमवीर हत्या के केस में 14 साल जेल में रहा था। पैरोल पर आने के दौरान तिहाड़ कोर्ट के आदेश पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
















