आरएसएस के सह-संपर्क प्रमुख के घर डाका

घरेलू सहायिका व 3 बच्चियों को बंधक बनाकर वारदात

नोएडा। शहर में बेखौफ बदमाशों पर शिकंजा कसने में पुलिस नाकाम है। 4 हथियारबंद बदमाशों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के (आरएसएस) पदाधिकारी के आवास पर डकैती की वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था के दावों की कलई खोल दी है। बदमाशों ने घरेलू सहायिका और 3 बच्चों को बंधक बनाकर कई लाख की नकदी और आभूषण लूट लिए। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस में एकाएक हड़कंप मच गया। फरार बदमाशों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नोएडा सेक्टर-58 कोतवाली क्षेत्र में यह वारदात प्रकाश में आई है। पुलिस के मुताबिक सेक्टर-55 बी ब्लॉक में करणवीर अनेजा सपरिवार रहते हैं। वह आरएसएस के पदाधिकारी हैं। करणवीर के आवास पर गत 27 जुलाई की रात को 4 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बेखौफ बदमाशों ने वहां मौजूद 3 बच्चों व घरेलू सहायिका को हकमरे में बंधक बना लिया। बदमाशों ने 3 लाख की नकदी सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान लूट लिया। वारदात के समय करण तनेजा नोएडा सेक्टर-8 में अपनी प्रिंटिंग प्रेस की कंपनी में काम कर रहे थे। जबकि करणवीर की पत्नी व मां सब्जी लेने के लिए बाहर गई थीं। घर में किरादार युवती ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को अंजाम देते वक्त बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।

उधर, एसीपी नोएडा रजनीश वर्मा के मुताबिक पीड़ित करणवीर आरएसएस में सह संपर्क प्रमुख हैं। वारदात का खुलासा करने को 5 टीम गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।