योगी के अधिकारी से मिले टिकैत

नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शनिवार को जनपद गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एल वाई से मुलाकात की। किसान नेता टिकैत ने टोक्यो पैरालंपिक में देश के लिए रजत पदक जीतने पर सुहास एल वाई को सम्मानित किया। प्रशासनिक सेवा की बखूवी जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ बैडमिंटन प्रतियोगिता में देश का नाम समूची दुनिया में रोशन करने के लिए उन्हें बधाई दी गई। साथ उनके सुनहरे भविष्य की कामना की।

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ गाजीपुर बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन के प्रमुख नेता राकेश टिकैत शनिवार को अचानक गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एल वाई के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने वहां डीएम सुहास एल वाई से मुलाकात कर उन्हें टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर बधाई दी। किसान नेता टिकैत ने डीएम को फूल-माला पहनाई और पगड़ी भी बांधी। इसके अलावा देसी घी भेंट कर कहा कि आगे भी आप इसी प्रकार अच्छा खेलें और विजय प्राप्त करें, यह हमारी प्रार्थना है।

भाकियू नेता ने जनपद गौतमबुद्ध नगर में खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं में बढ़ोत्तरी करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि डीएम यदि अपने स्तर से प्रयास करेंगे तो इसके नतीजे भी अच्छे आएंगे। उन्होंने कहा कि खेल मैदान और स्टेडियम अच्छे हों, ताकि जिले के और भी खिलाड़ी विश्व पटल तक पहुंच कर भारत का नाम रोशन कर सकें। बता दें कि स्वदेश लौटने के बाद से डीएम सुहास एल वाई को निरंतर बधाई मिल रही हैं। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें बधाई दी थी। पानी में बैठकर दिया धरना
तीन कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन के मद्देनजर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने पानी में बैठकर धरना दिया। मूसलाधार बारिश के कारण गाजीपुर बॉर्डर पर भी भारी जलभराव हो गया। किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत ने सरकार की आंखें खोलने के लिए किसान मांगेराम त्यागी, शूटर शमशेर राणा, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक आदि किसानों के साथ पानी में बैठकर धरना दिया।

एमएसपी पर कानून तभी खत्म होगा धरना
धरनास्थल पर राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक सरकार तीनों कृषि कानून वापस नहीं लेगी और सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून नहीं बनाती तब तक आंदोलन वापस नहीं होगा। धरना शुरू करने से पहले चौ. राकेश टिकैत ने किसानों के तंबू और लंगरों में जाकर भरे पानी को निकालने में भी मदद की। उन्होंने कहा कि समस्या का हल जरूर निकलेगा। उन्होंने कहा कि एमएसपी पर कानून बनने के बाद ही धरना खत्म हो पाएगा।

एसडीएम का निलंबन किसानों की जीत
हरियाणा के करनाल में किसानों के धरने के चलते सरकार ने एसडीएम सिन्हा को निलंबित कर हाईकोर्ट के जजों को इस प्रकरण की जांच सौंपी है। राकेश टिकैत ने इसे किसानों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि किसान सरकार के आगे कभी घुटने नहीं टेकेंगे। मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार को किसान हित में पहल करनी चाहिए।