राहत : 222 फ्लैटों की रजिस्ट्री की अड़चन दूर

खरीदारों के सभी कागजात किए गए पूर्ण

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा शुक्रवार को आयोजित शिविर में 142 फ्लैटों के खरीदारों के कागजात पूर्ण किए गए। अब वह सभी रजिस्ट्री करा सकेंगे। उधर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इको विलेज-1 में 250 नागरिकों को मकानों की चाबी मिल गई। इसके अलावा एक अन्य परियोजना में 80 फ्लैटों का पूर्णता अधिभोग प्रमाण पत्र मिल गया। यह खरीदार भी अपने फ्लैट में रह सकेंगे। शासन के आदेश पर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्री कराने हेतु शिविर का आयोजन किया। इस दौरान समृद्धि ग्रांड एवेन्यू के 50, गौर सिटी सेंटर के 25, सिटी कॉन के 18 के अलावा हिमालया प्राइड, निराला ग्रीन, पूर्वांचल आदि परियोजनाओं के खरीदारों के कागजात पूरे कराए गए। प्राधिकरण के ओएसडी संतोष कुमार ने बताया कि कुल 142 खरीदारों के कागजात पूरे कराए गए। इसके अतिरिक्त ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सुपरटेक के इको विलेज-1 परियोजना के 250 खरीदारों को चाबी सौंपी गई। ग्रुप के चेयरमैन आरके अरोड़ा ने बताया कि इको विलेज-1 एन-1 व एन-2 टॉवर में 250 खरीदारों को चाबी चौंपी गई है। इस साल के अंत तक सभी खरीदारों को घर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हवेलिया ग्रुप की हवेलिया वैलेनोवा पार्क परियोजना में 80 फ्लैटों की पूर्णता अधिभोग प्रमाण पत्र (ओसी) मिल गया। अब ये खरीदार अपनी रजिस्ट्री करा सकेंगे। इस परियोजना में अब 540 फ्लैटों की ओसी मिल चुकी है। ग्रुप के संस्थापक रतन हवेलिया ने बताया कि वह खरीदारों को समय पर कब्जा दे रहे हैं।