ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शिलान्यास एवं जनसभा के लिए स्थल तय हो गया है। इसके लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी का भी चयन कर लिया गया है। इस वीवीआईपी कार्यक्रम की जिम्मेदारी ब्रिजक्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को सौंपी गई है। यह कंपनी पूर्व में भी भव्य कार्यक्रमों को बखूवी करा चुकी है। यमुना प्राधिकरण ने नोएडा एयरपोर्ट के शिलान्यास एवं जनसभा कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी ब्रिजक्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट प्रा.लि. कंपनी को सौंपी है। यह कंपनी एयरपोर्ट का शिलान्यास कराएगी।
इस कंपनी ने लखनऊ में 2018 में इनवेस्टर समिट भी कराया था। राजस्व गांव रोही के माजरे नंगला फूल खा की भूमि पर एयरपोर्ट का शिलान्यास एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा होनी है। यह कार्यक्रम आगामी 25 नवंबर को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास एवं जनसभा स्थल का चयन करने के लिए बीते सोमवार को पुलिस आयुक्त आलोक सिंह, मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार, जिलाधिकारी सुहास एलवाई, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने क्षेत्र का निरीक्षण कर 4 साइट देखी थीं। इसमें रोही व बनबारीवास गांव की एक-एक साइट पर सहमति बनी थी।
जनसभा में जुटने वाली भीड़, उनके कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के रास्ते, पार्किंग, हेलीपेड आदि के मद्देनजर रोही गांव के नजदीक नंगला फूलखा की भूमि को कार्यक्रम के लिए फाइनल किया गया है। चिह्नित स्थान पर वह शिलापट रखे जाएंगे, जिनका प्रधानमंत्री लोकार्पण करेंगे। एयरपोर्ट के साथ यमुना प्राधिकरण की अन्य महत्वाकांक्षी परियोजना फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क का भी शिलान्यास हो सकता है। हालांकि अभी सुरक्षा आदि पहलुओं से प्लान को अंतिम रूप दिया जाना है।
















