शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स होगा अनलॉक

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अनुमति, बनेगा सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कोरोना संक्रमण के कारण काफी समय से बंद शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स को खोलने की अनुमति दे दी है। स्पोर्ट्स कॉम्लैक्स के सदस्य और आम नागरिक 6 जुलाई से वहां उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे। इस दरम्यान कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन करना होगा। इसके अलावा वहां जल्द सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण भी कराया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा संचालित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स 40 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित है। वहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सभी खेल सुविधाएं जैसे क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, जिम, स्क्वैश, टेनिस, जॉगिंग ट्रैक, शूटिंग रेंज, इंडोर स्वीमिंग पूल एवं वॉलीबॉल आदि सुविधाएं उपलब्ध हैं। उप्र शासन के मुख्य सचिव के आदेश के बाद स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स को खोला जा रहा है। 6 जुलाई से स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स के सभी सदस्य एवं आम नागरिक वहां की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के मुताबिक जनपद के एथलेटिक खिलाड़ियों के लिए वर्तमान में कोई भी सिंथिेटिक एथलेटिक ट्रैक नहीं है। इस कारण उन्हें अभ्यास के लिए दूसरे जिलों अथवा शहरों में जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स में एथलेटिक्स का सिंथेटिक ट्रैक भी तैयार किया जाएगा। इससे एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को राहत मिल सकेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ के मुताबिक शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स का क्रिकेट मैदान आईसीसी की मान्यता प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी कर चुका है। इंडोर हॉल प्रो कबड्डी के 2 संस्करण की मेजबानी कर चुका है। एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक तैयार होने के बाद युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी की संभावनाएं भी प्रबल होंगी। नतीजन खेलों के क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा नया आयाम स्थापित कर सकेगा।