ग्रेटर नोएडा। कुख्यात अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखाई है। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी देवेंद्र चंदेला की 4 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर अपराधियों को कड़ा संदेश दे डाला है। देवेंद्र पर आपराधिक गतिविधियों से अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। देवेंद्र चंदेला फिलहाल जेल की हवा खा रहा है। फरवरी 2021 में जमीन पर कब्जा करने के विवाद में बादलपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव के दो चचेरे भाई सलेक उर्फ सुरेश व अमित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्ध नगर ने गैंगस्टर एक्ट के तहत इस मामले में कार्रवाई की। पुलिस जांच में बताया गया कि देवेंद्र चंदेला गिरोह का सरगना है। गिरोह में अन्य बदमाश रविंद्र चंदेला, जितेंद्र, सतेंद्र, धर्मेंद्र, भोपाल, महिपाल उर्फ अल्लू, अमरजीत बंसल शामिल है। सभी ने मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था। रविवार को पुलिस ने देवेंद्र चंदेला की चार करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली। इसके बाद पुलिस ने मुनादी करवाई है।
पुलिस ने छपरौला स्थित तीन प्लाट, दुराई स्थित प्लाट, गिरधरपुर के खेत, दादरी में प्लाट व एक फोर्च्यूनर कार वाहन को जब्त किया है। एसीपी सेंट्रल नोएडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाशों की आर्थिक रूप से कमजोर किया जा रहा है। दोहरे हत्याकांड में शामिल गिरोह के सरगना की संपत्ति जब्त की गई है। अन्य बदमाशों की भी संपत्ति जब्त की जाएगी।
















