बहन के आशिक को मारी गोली, हालत गंभीर

नोएडा सेक्टर-135 में वारदात, आरोपी फरार

नोएडा। दुष्कर्म का केस दर्ज होने और जेल की हवा खाने के बावजूद आशिक के सिर से प्यार का जुनून नहीं उतरा। जेल से बाहर आने के बाद वह पुन: प्रेमिका के नजदीक जाने की कोशिश करने लगा। इससे खफा लड़की के भाई ने मंगलवार को प्रेमी को गोली मार दी। पीड़ित को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक दिल्ली के फैजान मौहल्ला में आदिल रहता है। वह मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला है। नोएडा में वह बेकरी के सामान की डिलीवरी करता है। काम के सिलसिले में मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह बाइक से नोएडा आ रहा था। इस बीच सेक्टर-135 में वाजिदपुर डबल सर्विस रोड पर स्कूटी सवार युवकों ने आदिल को रोक लिया। ऐसे में एक युवक ने नजदीक से उस पर गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी रफूचक्कर हो गए। बाद आस-पास के नागरिकों की मदद से पीड़ित आदिल को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां हालत में सुधार न होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस पूछताछ में मालूम पड़ा है कि हमलावर युवक भी बिजनौर से ताल्लुक रखता है। उसकी पहचान नाजिम के रूप में हुई है। वह फिलहाल दिल्ली के ओखला में रहता है। पुलिस का कहना है कि आदिल का पिछले काफी समय से नाजिम की बहन के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। वह एक बार उसकी बहन को बहला-फुसला कर भगा ले गया था। इसके चलते बिजनौर में आदिल के विरूद्ध दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में वह जेल भी जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद भी वह निरंतर नाजिम की बहन से बात कर रहा था। नतीजन नाजिम उससे रंजिश रख रहा था। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।