सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट : कार्रवाई से पहले विस्फोट का परीक्षण

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-93 ए स्थित सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट के दोनों टावर एपेक्स-सियान आजकल चर्चाओं में हैं। इन टावरों को ध्वस्त करने के लिए कितनी मात्रा में विस्फोटक की जरूरत होगी, इसका पता रविवार को परीक्षण विस्फोट के माध्यम से लगाया गया। दोपहर करीब ढाई बजे यह परीक्षण किया गया। इस परीक्षण विस्फोट के दौरान हल्की सी आवाज आई। मौके पर धूल नहीं उड़ी। इससे पहले एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज सोसाइटी के रेजीडेंट्स को जरूरी सलाह जारी की गई थी।

सलाह में कहा गया था कि नागरिक विस्फोट के समय घर के भीतर रहें और आधा घंटे तक बालकनी में भी न आएं। इसके लिए एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज सोसाइटी के नागरिकों, के लिए सुरक्षा घेरा भी बनाया था। इस घेरे को पुलिस बल द्वारा संरक्षित किया गया। दोपहर करीब सवा 2 बजे से इमरजेंसी असेंबली प्वाइंट भी बनाया गया। ढाई बजे एपेक्स टावर के पांच खंभों (बेसमेंट में चार और 14वीं मंजिल पर एक) में विस्फोट किया गया। इसके लिए 10 किलो विस्फोटक लगाया गया। इससे पहले यातायात पुलिस ने सुपरटेक ट्विन टावर को तोडऩे को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। सुपरटेक के दोनों टावरों के परीक्षण विस्फोट के तहत रविवार को इसके आस-पास का यातायात बदला रहेगा।

जरूरत पडऩे पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन किया जाएगा। ट्रायल के दौरान एटीएस तिराहा से गेझा सब्जी मंडी तिराहे तक का मार्ग प्रतिबंधित रहेगा। यातायात संबंधी असुविधा उत्पन्न होने पर यातायात हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। आवश्यकता पडऩे पर एल्डिको चौक से सेक्टर-108 की ओर जाने वाले मार्ग और श्रमिक कुज चौक सेक्टर-93 से सेक्टर-92 चौक तक और फरीदाबाद फ्लाईओवर पर दोनों ओर का मार्ग प्रतिबंधित किया जा सकता है।