ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्वीकृति प्रदान की
ग्रेटर नोएडा। शहर को स्वच्छ और हरा-भरा रखने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कोशिशें जारी हैं। इसी क्रम में 30 सार्वजनिक शौचालय को स्वीकृति प्रदान की गई है। त्वरित गति से काम करने के क्रम में 15 शौचालय 15 सितंबर तक और शेष 15 शौचालय 2 अक्तूबर तक तैयार करा दिए जाएंगे। इनमें से 9 पिंक टॉयलेट भी शामिल हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण ने 30 नए शौचालय और बनाने के निर्देश दिए हैं। जन-स्वास्थ्य विभाग बिल्ड, आॅपरेट एंड ट्रांसफर (बीओटी) के आधार इन सभी शौचालयों का निर्माण करा रहा है। इन शौचालयों को बनाने में प्राधिकरण का पैसा खर्च नहीं हो रहा, बल्कि इनका निर्माण करने वाली कंपनी को तय समय तक विज्ञापन का अधिकार होगा। 15 शौचालय 15 सितंबर तक तैयार कर लिए जाएंगे। शेष 15 शौचालयों का निर्माण 2 अक्तबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह शौचालय परी चौक के पास, कासना रोड, सूरजपुर चौक, देवला, तिलपता चौक, यथार्थ अस्पताल (ग्रेनो) के सामने, सिटी पार्क के सामने, राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा संस्थान, प्रज्ञान स्कूल के पास, अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के पास, हनुमान मंदिर, एक मूर्ति गोलचक्कर आदि स्थानों पर बनाए जाने हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने इन सभी शौचालयों का निर्माण तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि शहर में स्वच्छता के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं।















