ग्रेटर नोएडा। दादरी में रानौली लतीफपुर गांव के पास फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर की अचानक मौत हो गई। इसके विरोध में ग्रामीणों ने फैक्ट्री के बाहर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को समुचित आर्थिक सहायता देने की पुरजोर मांग की। सूचना पाकर पुलिस मौके पर आ पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया। इस बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। पुलिस के मुताबिक रानौली लतीफपुर गांव के पास फैक्ट्री में मुकेश उर्फ मूला काम करता था। ड्यूटी के दौरान सीने में दर्द उठने के बाद मूला की मौत हो गई। कर्मचारी की मौत से नाराज ग्रामीण एकत्र होकर फैक्ट्री पहुंच गए। उन्होंने मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य के लिए नौकरी की मांग की। हंगामे की सूचना पाकर वहां आई पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। मांगों के संबंध में सोमवार को ग्रामीण बात करेंगे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ज्यू-1 की आरडब्ल्यूए के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को रविवार को शपथ दिलाई गई। चुनाव में राजकुमार को अध्यक्ष, सुदेश तिवारी, अरुण शर्मा को उपाध्यक्ष, प्रेम गंगवार को महासचिव, अरविंद तिवारी को सचिव, राकेश नायक को संयुक्त सचिव एवं प्रदीप दुबे को कोषाध्यक्ष घोषित किया गया। फेडरेशन आॅफ आरडब्ल्यूऐज की मौजूदगी में नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष विनोद फौजी ने व संचालन सुदेश तिवारी ने किया। रत्नदीप भट्टाचार्य के नेतृत्व में 5 सदस्यीय कमेटी ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई। इस मौके पर फेडरेशन आॅफ आरडब्ल्यूऐज ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर, महासचिव दीपक कुमार भाटी, रणजीत प्रधान, ऋषिपाल, आजाद अधाना, श्यामवीर भाटी, संजय गंभीर, राजवीर सिंह, एबी सिंह, एके सिंह, रजनीश राय आदि मौजूद रहे।
















