वीडियो वायरल : रौंगटे खड़े कर देगा यह जानलेवा स्टंट

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण हरकत में आया, जांच के आदेश

ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में किशोर द्वारा स्केटिंग का जानलेवा स्टंट करने का मामला प्रकाश में आया है। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी एकाएक खलबली मच गई है। बगैर सरकारी अनुमति और सुरक्षा इंतजाम के यह स्टंट किया गया। वायरल वीडियो में किशोर स्केटिंग कर आग के नीचे से निकलता नजर आ रहा है। ऐसे में जरा सी चूक से जान आफत में आने की प्रबल संभावना थी।

ग्रेनो प्राधिकरण ने अब इस प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं। स्टेडियम के कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम की कमान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण संभालता है। स्टेडियम में विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहां राष्ट्रीय स्तर का स्केटिंग रिंग भी है। जहां पर स्केटिग सीखने की व्यवस्था है। इसके अलावा समय-समय पर स्केटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाती है। स्टेडियम में जानलेवा स्टंट के 2 वीडियो वायरल हुए हैं। पहले वीडियो में जमीन पर 3 किशोर लेटे दिखाई दे रहे हैं। हाथ में तिरंगा लेकर स्केटिंग करता किशोर उनके ऊपर से कूदता है। दूसरे वीडियो में जमीन से करीब डेढ़ फीट की ऊंचाई पर रखे डंडे में आग धधक रही है। स्केटिंग के दौरान किशोर आग के नीचे से निकलता नजर आ रहा है।

तिरंगा हाथ में होने के कारण यह संभावना है कि वीडियो स्वतंत्रता दिवस के आस-पास का है। स्टेडियम के कर्मचारियों ने इस प्रकार के किसी वीडियो की जानकारी होने से साफ इनकार किया है। पूर्व में वहां पर स्केटिंग अकादमी का संचालन कोच चरन सिंह करते थे। चरन सिंह का कहना है कि सुरक्षा इंतजाम के साथ वीडियो बनाया गया था। वीडियो काफी पुराना है। यह वीडियो किसी रिएलिटी शो के लिए बनाया गया था। उधर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक सलिल यादव का कहना है यह प्रकरण संज्ञान में आया है। खेल मैनेजर से जवाब तलब किया गया है। उनका कहना है कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।