ग्रेटर नोएडा। निजी कंपनी के निदेशक व प्रबंधक ने चौकी प्रभारी व कुछ भू-माफिया के साथ एक विधवा महिला की 50 साल पुरानी आबादी की भूमि पर तोड़फोड़ कर दी। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर आरोनिपों पर कार्रवाई की मांग की है। पत्र में गांव खेड़ा चौगानपुर निवासी धनवंती ने बताया कि वह विधवा और वृद्ध महिला है। उसकी आबादी भूमि गांव के खसरा नंबर-200 मि. में राजस्व अभिलेख एवं मौके पर दर्ज है। वृद्धा का आरोप है कि उसकी भूमि पर एक निजी कंपनी के निदेशक, प्रबंधक और कुछ भू-माफिया ने स्थानीय चौकी इंचार्ज से सांठ-गांठ कर ली है। आरोप है कि चौकी इंचार्ज उसकी बातें सुनकर भू-माफिया एवं कंपनी के निदेशक और प्रबंधक की बात सुन रहा है। महिला ने 16 फरवरी को दादरी तहसील में आयोजित समाधान दिवस में डीएम को शिकायती पत्र दिया था। पत्र में बताया था कि चौकी इंचार्ज ने कंपनी के निदेशक, प्रबंधक और भू-माफिया की बातों में आकर उसकी आबादी की जमीन पर जेसीबी से तोड़फोड़ कर दी। इसलिए वह गांव के गोल चक्कर पर जीवन यापन करने को मजबूर है। महिला ने पुलिस आयुक्त से आरोपियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
18 दिन बाद दर्ज की गई चेन लूट की रिपोर्ट
बेखौफ बाइकर्स ने सेक्टर गामा-1 में निजी कंपनी के डीजीएम की पत्नी से चेन लूट ली। वारदात के समय महिला साप्ताहिक बाजार में सब्जी लेने गई थी। इस प्रकरण में पुलिस ने घटना के 18 दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा की कंपनी में डीजीएम राहुल गुप्ता एल्डिको ग्रीन मिडोज सोसाइटी में सपरिवार रहते हैं। राहुल की पत्नी इति गुप्ता 27 फरवरी को सेक्टर गामा-1 में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इस बीच बाइक सवार 2 बदमाश महिला से सोने की चेन लूट कर फरार गए। घटना की सूचना महिला ने पुलिस को दी थी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लुटेरों के बारे में छानबीन की, मगर कुछ पता नहीं चल सका, मगर पुलिस ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब 18 दिन बाद बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
















