महिला सशक्तिकरण : अब पिंक वेंडिंग जोन की तैयारी

जेंडर बजट का भी प्रावधान करेगा नोएडा प्राधिकरण

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने महिलाओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत शहर में अब पिंक वेंडिंग जोन की व्यवस्था की जाएगी। यह वेंडिंग जोन सिर्फ महिलाओं के लिए रिजर्व रहेंगे। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर जगह चिन्हित किए जाने का काम भी आरंभ हो गया है। एक माह के भीतर इस प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया जाएगा। उधर, महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए नोएडा प्राधिकरण जेंडर बजट का प्रावधान भी करने जा रहा है।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत नोएडा प्राधिकरण निरंतर नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रहा है। इंदिरा गांधी कला केंद्र सेक्टर-6 नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी ने कहा कि महिलाओं को और ज्यादा सशक्त बनाने को अनेक योजनाओं पर काम किया जा रहा है। भविष्य में महिलाओं के लिए रोजगार के ज्यादा अवसर उत्पन्न हो सकेंगे। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) प्रवीण मिश्रा के मुताबिक नोएडा प्राधिकरण के वित्तीय बजट में जेंडर बजट को भी सम्मिलित किया जाएगा। जेंडर बजट में से 50 प्रतिशत राशि रिक्रियन एक्टिविटी पर व्यय होगी।

वहीं, नोएडा प्राधिकरण की विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) ज्योत्सना यादव ने बताया कि महिला शक्ति को आगे बढ़ाने के मकसद से 11 स्थानों पर 26 महिला सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात की जाएंगी। सेक्टर-15 पुस्तकालय, प्राधिकरण कार्यालय के कंप्यूटर सेल, वित्त कार्यालय, नोएडा स्टेडियम, मानसरोवर पार्क सेक्टर-95, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कार्यालय, बाल उद्यान पार्क सेक्टर-51, मेघदूतम पार्क सेक्टर-62, डी पार्क, एक्सप्रेस व्यू पार्क सेक्टर-93 तथा औषधि एवं हर्बल पार्क सेक्टर-91 में महिला सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाएगी।