12 हजार बकाएदारों को यमुना प्राधिकरण देगा राहत, ब्याज भरने से मिलेगी छूट

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के बकाएदारों के लिए अच्छी खबर है। बकाएदारों को ब्याज माफी की सुविधा मिलने जा रही है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण आगामी एक सितंबर से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को लागू करेगा। इस योजना में बकायेदारों का ब्याज माफ हो सकेगा। इसमें सभी प्रकार के आवंटी शामिल होंगे। इसका लाभ 12 हजार से ज्यादा आवंटियों को मिलेगा। 24 अगस्त को यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक होनी है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाएंगे।

बोर्ड बैठक में बकायेदारों के लिए एकमुश्त समाधान योजना लाई जाएगी। इसमें बकायदार आवंटियों का ब्याज माफ किया जाएगा। इस योजना में यमुना प्राधिकरण के करीब 12 हजार आवंटी लाभ लेने के दायरे में आ जाएंगे। यह योजना एक सितंबर से लागू करने की तैयारी है। इसमें 31 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकता है। यमुना प्राधिकरण ने इससे पहले भी ओटीएस योजना लागू की थी। इसमें 4000 आवंटियों ने लाभ लिया था। जिन आवंटियों का अतिरिक्त मुआवजा का पैसा बाकी है, वह भी योजना का लाभ ले सकते हैं।

यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-17 के 13 आवंटियों से अंतर धनराशि जमा करने के लिए कहा है। इस धनराशि पर ब्याज भी लगाया गया है। इन आवंतियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा यमुना प्राधिकरण संपत्ति ट्रांसफर शुल्क में कटौती कर सकता है। किसानों को 7 प्रतिशत आबादी के भूखंड देने के मामले में भी फेरबदल हो सकता है। बोर्ड बैठक में इन सभी प्रस्तावों को अनुमति मिल सकती है।