यमुना सिटी बनेगा देश का फाइनेंशियल हब, मुंबई की तर्ज पर विकसित होगी फाइनेंशियल सिटी

ग्रेटर नोएडा। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास मुंबई की तर्ज पर फाइनेंशियल सिटी (फिन सिटी) विकसित की जाएगी। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की भांति फाइनेंशियल कंपनियों के केंद्र के रूप में यह काम करेगी। यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। फिन सिटी के लिए सेक्टर-9 को रिजर्व किया गया है। गतिविधियों में तेजी लाने के लिए इस सेक्टर के लिए जल्द भूमि खरीदी जाएगी। मुंबई की फाइनेंशियल सिटी काफी प्रख्यात है। जिसे ध्यान में रखकर यमुना प्राधिकरण अपने सेक्टर-9 में फिन सिटी बसाने की प्लानिंग में जुटा है। बताया गया है कि आर्थिक गतिविधियां से जुड़ी कंपनियों और संस्थाओं को वहां लाया जाएगा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण होना है। वहां पर एमआरओ हब, फिल्म सिटी, हेरिटेज सिटी, लॉजिस्टिक हब सहित तमाम बड़ी परियोजनाएं आने वाली हैं। इसके अलावा उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। यमुना प्राधिकरण हैंडीक्राफ्ट पार्क, एमएसएमई पार्क, अपैरल पार्क और ट्वाय सिटी जैसी योजनाएं ला चुका है। इन योजनाओं में उद्यमियों को भूखंड आवंटित हो चुके हैं। उद्यमी अब जल्द अपनी इकाई लाएंगे। इसके मद्देनजर वहां पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। ऐसे में यमुना प्राधिकरण ने अपने क्षेत्र में फाइनेंशियल सिटी (फिन सिटी) विकसित करने की तैयारी आरंभ की है। यमुना प्राधिकरण ने फाइनेंशियल सिटी बसाने के लिए सेक्टर-9 को रिजर्व किया है। इसके लिए जल्द भूमि खरीदी जाएगी। वहां पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे जुड़ी कंपनियों को भूमि आवंटित की जाएगी। देश के बड़े आर्थिक गतिविधियों वाले संस्थानों को लाया जाएगा। ताकि नागरिकों को फाइनेंस से जुड़ी गतिविधि के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। फिन सिटी में बड़े बैंकों के कार्यालय, कमोडिटी बाजार से जुड़े नागरिकों, सीए इंस्टीट्यूट, फाइनेंस से जुड़ी कंपनियों को वहां पर बुलाया जाएगा। योजना लाने से पहले यमुना प्राधिकरण ऐसे संस्थानों से संपर्क कर विचार-विमर्श करेगा और वहां के बारे में पूरी जानकारी देगा ताकि फाइनेंस से जुड़े संस्थान यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आकर अपनी गतिविधियों को शुरू कर सकें।