आईपीएल : हार की हैट्रिक, चेन्नई एक्सप्रेस बेपटरी

पूर्व बल्लेबाज सहवाग ने धोनी पर कसा तंज

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) कोई कमाल नहीं दिखा पाई है। हार की हैट्रिक के कारण सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ रहा है। उनके प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने धोनी के प्रदर्शन पर कमेंट किया है। उन्होंने कहा है कि इंटरमीडिएट की परीक्षा में सिर्फ एक दिन पहले पढ़ाई करने से उत्तीर्ण नहीं होते हैं। इसके पहले भी सहवाग ने धोनी के प्रदर्शन पर तंज कसा था। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आईपीएल टूर्नामेंट चल रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के खराब प्रदर्शन से फैंस को बार-बार निराश होना पड़ रहा है। सीएसके की टीम ने हार की हैट्रिक लगा डाली है। जिस पर टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर सवाल उठने लगे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने शुक्रवार को चेन्नई को 7 रनों से हरा दिया था। इस मैच के बाद धोनी की बल्लेबाजी की आलोचना हो रही है। कुछ पूर्व क्रिकेटरों की राय है कि धोनी ने काफी देर के बाद तेजी से रन बनाने शुरू किए, तब तक मैच चेन्नई के हाथ से फिसल चुका था। पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने टिप्पणी की है कि 12वीं की परीक्षा में एक दिन पहले पढऩे से पास नहीं होते हैं। सहवाग ने कहा कि धोनी ने भी मैच में अच्छा अटैक किया, मगर क्या है न 12वीं की परीक्षा में एक दिन पहले पढ़ाई करने से कोई फायदा नहीं मिलता। सहवाग ने इससे पहले भी धोनी पर कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था कि धोनी को बैटिंग ऑर्डर में पहले आना चाहिए। सहवाग ने फेसबुक पर अपने खास शो पर कहा था कि चेन्नई की टीम मुश्किल में होने के बाद भी धोनी बैटिंग करने नहीं आए। ऐसा लग रहा है बुलेट ट्रेन आ जाएगी, मगर धोनी चौथे नंबर पर बैटिंग करने के लिए नहीं आएंगे।