धमकी के बाद धोनी के घर की सुरक्षा बढ़ी

बेटी जीवा को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी

रांची। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एवं विस्फोटक बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके घर के बाहर पुलिस की तैनाती की गई है। आईपीएल में खराब प्रदर्शन के कारण धोनी सोशल मीडिया पर आलोचना का शिकार हो रहे हैं। धोनी की बेटी जीवा के प्रति भी सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की गई है। इसके बाद पुलिस को एकाएक हरकत में आना पड़ा है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स कोई कमाल नहीं कर पाई है। ऐसे में फेंस काफी नाराज दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर खिलाडिय़ों के साथ-साथ उनके परिवारों पर भी निशाना साधा जा रहा है। सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा को लेकर टिप्पणी किए जाने के बाद पुलिस सकते में आ गई है। सिमलिया में धोनी के आवास की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। वहां एहतियात के तौर पर पुलिस की तैनाती हुई है। रांची के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नौशाद आलम के मुताबिक पुलिस शीघ्र आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करेगी। तकनीकी सेल द्वारा इस प्रकरण की छानबीन की जा रही है। रांची में धोनी के 2 मकान हैं। सिमलिया के अलावा हरमू क्षेत्र में भी उनका मकान है। सिमलिया में धोनी के घर के बाहर पुलिस फोर्स की तैनाती के साथ-साथ गश्त भी बढ़ाई गई है। धोनी परिवार के साथ इसी घर में रहते हैं। उधर, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने धोनी की बेटी पर टिप्पणी किए जाने की सख्त निंदा की है। उन्होंने आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। शाहदेव का कहना है कि धोनी ने कई मौकों पर देश का सिर ऊंचा किया है। ऐसे में उनके परिवार पर इस तरह की टिप्पणी ठीक नहीं है। सोशल मीडिया पर भद्दी और अभद्र टिप्पणी के खिलाफ कठोर कानून बनना चाहिए। दरअसल धोनी की पत्नी साक्षी के इंस्टाग्राम एकाउंट पर जीवा को लेकर गलत टिप्पणी की गई है।