सफलता के शिखर पर स्टार फुटबालर रोनाल्डो

-100वां इंटरनेशनल गोल दागा, विश्व रिकॉर्ड के करीब

पुर्तगाल। स्टार फुटबालर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक और उपलब्धि अर्जित कर फैंस को खुश कर दिया है। यूईएफए नेशंस के मुकाबले में रोनाल्डो ने 100वां अंतरराष्ट्रीय गोल दागा। इस गोल के बाद पुर्तगाल ने स्वीडन को 2-0 से मात दी। मैच में दोनों गोल रोनाल्डो ने किए। ऐसे में वह 100 अंतराष्ट्रीय गोल करने वाले पहले यूरोपियन फुटबालर बन गए हैं। इस उपलब्धि से उत्साहित इस स्टार फुटबालर ने कहा है कि वह अब 109 अंतरराष्ट्रीय गोल के रिकॉर्ड को छूने की ओर अग्रसर हैं। मौजूदा चैम्पियन पुर्तगाल की टीम रोनाल्डो की वापसी के साथ मैच खेलने के लिए मैदान में उतरी। रोनाल्डो ने हाफ टाइम से कुछ देर पहले 45वें मिनट में फ्री-किक के जरिए मैच का पहला गोल दागा। तदुपरांत उन्होंने 73वें मिनट में दूसरा गोल दागा। इस गोल के साथ रोनाल्डो 100 अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले दुनिया के दूसरे फुटबालर बन गए। बता दें कि रोनाल्डो से पहले ईरान के अली देई 109 अंतरराष्ट्रीय गोल कर चुके हैं। उत्साहित रोनाल्डो ने कहा कि मैं इस उपलब्धि को पाने में कामयाब रहा। अब मैं रिकॉर्ड (109) के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि वह जुनूनी नहीं हैं। रिकॉर्ड स्वाभाविक तरीके से आते हैं। वहीं, रोनाल्डो की इस सफलता पर फैंस की तरफ से उन्हें बधाई मिल रही हैं। फैंस ने उनके सफल कैरियर के लिए भी उन्हें बधाई दी है। ग्रुप 3 में पुर्तगाल की यह निरंतर दूसरी जीत है। पुर्तगाल ने पहले मैच में क्रोएशिया को 4-1 से हराया था। अपने तीसरे मैच के लिए पुर्तगाल की टीम अक्तूबर में फ्रांस का दौरा करेगी। उधर, पेरिस में खेले गए मुकाबले में फ्रांस ने क्रोएशिया को 4-2 से हरा दिया।