सामाजिक एकता, सौहार्द, भाईचारे का प्रतीक होली पर्व: मुख्तार अब्बास नकवी

 होली पर्व पर सरदार एसपी सिंह ने केन्द्रीय मंत्री को दी होली की बधाई

नई दिल्ली/गाजियाबाद। मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन (अल्पसंख्यक कार्य मन्त्रालय-भारत सरकार) के उपाध्यक्ष सरदार एसपी सिंह ने होली पर्व पर केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को उनके दिल्ली आवास पर जाकर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री नकवी ने कहा कि होली का त्यौहार सामाजिक एकता, सौहार्द, भाईचारे को और मजबूत करने का अवसर है।

होली के रंग अनेकता में एकता के सूत्र को मजबूत करते हुए एक भारत श्रेष्ठ भारत के विश्वास को पुख्ता करते हैं। श्री नकवी ने कहा कि ‘चाहे धर्म कोई भी हो, हमारे देश में लोग हर त्योहार मिलकर मानते हैं। उन्होंने कहा युवा वर्ग भ्रमित हो रहा है। वह अपने धर्म और कर्तव्य को भूलकर पाश्चात्य संस्कृति की आंधी में उड़ रहा है। ऐसे में युवाओं के लिए आवश्यक है कि वे अपने बड़ों से प्रेरणा लें और समाज व संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य करें। ताकि, स्वर्णिम भविष्य का सपना साकार हो। श्री नकवी ने होली की सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी।