जेल की महिलाएं भी अब होंगी आत्मनिर्भर

आओ सीखें मुहिम के अंतर्गत 5 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ आज से

उदयभूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जेल प्रशासन के नेतृत्व में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहदरा और नॉर्थ ईस्ट ने आओ सीखें नाम की मुहिम का आगाज किया है। इस मुहिम की शुरुआत जेल नंबर-16 महिला जेल से होगी। आयुषी मित्तल व्यावसायिक प्रशिक्षक और बाल विकास विशेषज्ञ एवं उद्यमी दर्शना मित्तल जेल की महिलाओं को विभिन्न प्रशिक्षण प्रदान करेगी। यह प्रशिक्षण महिलाओं के जेल से रिहा होने पर आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगा। 5 सत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में मास्क बनाना, आर्टिफीसियल ज्वेलरी और सॉफ्ट टॉयज बनाना सम्मलित है। यह प्रशिक्षण 15, 17, 21, 27 और 30 सितंबर को दिया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहदरा सचिव व न्यायाधीश आशीष गुप्ता ने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण का उद्घाटन समारोह सुबह 11 बजे कंवल जीत अरोड़ा, सदस्य सचिव, दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और संदीप गोयल, महानिदेशक, तिहाड़ कारागार के कर कमलों से होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नॉर्थ ईस्ट सचिव, अनुभव जैन ने बताया कि आओ सीखें मुहीम का नारा आओ कुछ सीख कर जाएं आगे एक बेहतर भविष्य पाएं है। कार्यक्रम में जेल के कैदी व अन्य विधिक सेवा के अधिकारी तथा जेल अधिकारी भी सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि जेल संख्या 16 एक महिला जेल है और प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र के लिए लगभग 35 महिला प्रतिभागी इस परियोजना में हिस्सा लेंगी।