महिला दिवस पर स्वास्थ को लेकर किया जागरूक

– दिल्ली हैल्थ केयर कोआपरेटिव सोसायटी द्वारा किया गया कार्यक्रम का आयोजन

उदय भूमि ब्यूरो
दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली हैल्थ केयर को-आपरेटिव सोसायटी द्वारा सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को स्वास्थ को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा महिलाओं पर दोहरी जिम्मेदारी होती है। महिलाएं घर में सभी का ध्यान रखती हैं। लेकिन खुद के स्वास्थ को लेकर वह लापरवाह हो जाती है। महिला सशक्तीकरण के लक्ष्य को तभी हासिल किया जा सकेगा जब महिलाएं स्वस्थ होगी। सोसायटी द्वारा जन हित में लगातार इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
दिल्ली हैल्थ केयर को-आपरेटिव सोसायटी लिमिटेड द्वारा पूर्वी दिल्ली के राम नगर विस्तार मेंन मंडोली रोड पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ की भी जांच की गई। इस अवसर पर डॉ. सरिता गुप्ता ने विश्व की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी को रेखांकित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली स्टेट कैंसर इन्स्टीट्यूट के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा शुक्ला,ने आयोजक गजेन्द्र पाल सिंह सारन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी भयावह बीमारी से निजात पाने हेतु 35 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को नियमित शारीरिक जांच करानी चाहिये। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार के डॉ. सुशील कुमार विमल के उपायुक्त पद पर पदोन्नत होने पर उनका अभिनंदन किया गया। डॉ. विमल ने कहा कि महिलाएं सशक्त हो रही है। अब उन्हें स्वास्थ को लेकर भी सर्तक और जागरूक रहना चाहिये। दिल्ली सरकार के पूर्व उप शिक्षा निदेशक एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष एमपीएस दांगी ने मेधावी छात्रों को नगद पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम में जस्सको प्रबंधक निर्दोष चौधरी, अमर सिंह, गौरीशंकर, सुनीता छाबड़ा, शारदा रानी, शीला देवी, शीतल, रीना रानी, ममता को सर्वश्रेष्ठ सेवा के लिए पुरस्कृत किया गया।