100 करोड़ टीकाकरण पर पीएम मोदी का सम्मान

2 साल बाद भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक

नई दिल्ली। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के कन्वेंशन सेंटर में रविवार को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान देश में 100 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित किया गया। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों ने यह सम्मान किया। बैठक में पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आदि मौजूद रहे।

इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी वर्चुअल रूप से जुड़े। राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में अगले साल विभिन्न राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव की रणनीति पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, हरदीप सिंह पुरी, पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी बैठक में शिरकत की।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 2 साल बाद बुलाई गई है। बैठक में भाजपा के 124 सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। अगले साल उत्तर प्रदेश, गुजरात, गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में विधान सभा चुनाव होने हैं। इन चुनावों की तैयारियां राजनीतिक दलों ने तेज कर दी हैं।