आमिर खान के साथ लोगों ने जमकर ली सेल्फी ली
गाजियाबाद। बुधवार सुबह बॉलीवुड फिल्म अभिनेता आमिर खान लाल सिंह चड्ढा फिल्म की शूटिंग करने के लिए ट्रॉनिक सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल तैनात रहा। फिल्म अभिनेता आमिर खान की आने वाली फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग जारी है। फिल्म के बीच एक शूट अंडर गारमेंट का दिखाया जाना है। सूट के लिए सुबह 11 बजे वह ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित रूपा गारमेंट्स की फैक्ट्री में पहुंचे। जहां करीब आधा घंटे का शूट करने के बाद वह वापस दिल्ली की ओर रवाना हो गए। इस दौरान उपजिलाधिकारी खालेद अंजुम, ट्रॉनिका सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पवार आदि अधिकारियों ने उनसे वार्ता की। आमिर के आने की जानकारी मिलने पर टोनिका सिटी और आसपास के क्षेत्र के लोग वहां एकत्र हो गए। लोगों ने दूर से आमिर के साथ सेल्फी लेनी शुरू कर दी। गौरतलब है कि आमिर खान ने सितंबर महीने में दिल्ली में आगामी फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग की थी। इस दौरान सेट की तस्वीरों और वीडियो ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी थी। वायरल फोटोज और क्लिप्स में, आमिर को आउटडोर में उनके क्रू से बातचीत करते देखा गया था। खासकर उनके कपड़ों को लेकर भी सोशल मीडिया पर सकारात्मक टिप्पणी की गई थी। अतुल कुलकर्णी की कहानी और अद्वैत चंदन निर्देशित फिल्म लाल सिंह चड्ढा साल 1994 में आई हॉलीवुड क्लासिक और कॉमेडी ड्रामा फॉरेस्ट गम्प से प्रेरित है। फॉरेस्ट गम्प (1994) ने छह ऑस्कर अवॉर्ड अपने नाम किए थे। फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। दरअसल, आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा इसी साल दिसंबर महीने में क्रिसमस के दिन रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन अब इस फिल्म को अगले साल 2021 में रिलीज किया जाएगा। वहीं, इस फिल्म की रिलीज की तारीख का ऐलान होना बाकी है। इस फिल्म में आमिर के अपोजिट करीना कपूर खान नजर आएंगी।















