पॉल्यूशन पर एक्शन, 42 फैक्ट्रियों पर चला बुलडोजर

लोनी में सरकारी तंत्र ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की

गाजियाबाद। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) लागू होने के बाद दूसरे दिन जिला प्रशासन ने प्रदूषण की रोकथाम के लिए सख्ती करना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय के निर्देश पर शुक्रवार को लोनी में एसडीएम खालिद अंजुम के नेतृत्व में प्रदूषणकारी 42 फैक्ट्रियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इसके पहले वीरवार को भी 12 अवैध ढलाई फैक्ट्रियों को ध्वस्त किया गया था। जिले में लोनी क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रदूषित है। यहां का एक्यूआई 335 दर्ज किया गया। ऐसे में प्रदूषणकारी फैक्ट्रियों पर कार्रवाई जारी है। लोनी एसडीएम खालिद अंजुम ने बताया कि शुक्रवार को तहसीलदार प्रकाश सिंह, नगर पालिका परिषद और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त टीम ने 42 फैक्ट्रियों को ध्वस्त किया। अमित विहार कॉलोनी में धातुओं को गलाकर ढलाई करने और जींस एवं रंगाई करने वाली अवैध फैक्ट्रियां संचालित होती पाई गई। टीम ने कार्रवाई कर 42 अवैध फैक्ट्रियों को ध्वस्त किया। एसडीएम ने बताया कि एनजीटी के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ  कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा गठित सभी विभागों की टीम कूड़ा जलाने, धूल उड़ाने, खुले में निर्माण सामग्री रखने समेत अन्य प्रदूषण फैलने वालों पर नजर रख रही है, जिससे प्रदूषण न फैले। ऐसे में प्रदूषणकारी अवैध फैक्ट्रियों को ध्वसत किया गया। ईपीसीए द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि बिजली कटौती के दौरान मेडिकल सेवा, लिफ्ट व एस्केलेटर, मेट्रो व रेलवे सेवा, एयरपोर्ट व अंतर्राज्यीय बस अड्डों पर डीजल जनरेटर चलाया जा सकता है। नगर निगम द्वारा गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई की गई। लोनी में खुले में निर्माण सामग्री रखने पर 15 बिल्डर समेत 20 लोगों पर जुर्माना लगाया गया। रात के समय फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं पर अंकुश लगाने के लिए तीन टीम तैनात की गई हैं। एसडीएम खालिद अंजुम ने कहा कि प्रदूषणकारी फैक्ट्री और साइट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम को लोनी में तीस फुटा रोड पर बेहटा हाजीपुर के पास मंडोली रिडेवलपमेंट क्षेत्र में स्कै्रप गलाकर लोहे की छड़ बनाने वाली अवैध फैक्ट्री चलती मिली। लोहा गलाने वाली इन फैक्ट्री में भारी मात्रा में स्क्रैप भी मिला। स्क्रैप को गलाने से कई प्रकार की गैस निकलती हैं। इसके अलावा लोनी के डीएलएफ, अंकुर विहार, चमन विहार एवं विजय विहार कॉलोनी में खुले प्लॉट में बिना ढके रोड़ी, डस्ट और बदरपुर के भंडारण मिले। इन पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा था। 10 बिल्डर के खिलाफ  कार्रवाई कर 1.40 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इनके अलावा प्रदूषण फैलाने वाले अन्य 10 लोगों पर भी 10-10 हजार रुपए का जुर्माना किया गया।