कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता की जरूरी: रचना गुप्ता
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। भाग-दौड़ भरे इस जीवन में लोगों को अपने शरीर के लिए भी समय निकालना चाहिए। सुबह व शाम को सैर करते हुए योगा भी करना चाहिए।
स्वस्थ शरीर के बल पर ही हम बड़े से बड़े मुकाम को हासिल कर सकते हैं। यह बातें रविवार सुबह रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद मेट्रो, रोटरेक्ट क्लब ऑफ गाजियाबाद मेट्रो एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा आयोजित साईकिल रैली को हरी झण्ड़ी दिखाते हुए प्रधान रचना गुप्ता ने एडी मनोज अग्रवाल, डीडीए प्रियतोष गुप्ता, आईएमए प्रधान आशीष अग्रवाल,सुभाष जैन की मौजूदगी में कहीं। उन्होने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए हर किसी को अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता की जरूरत है। इसके लिए नियमित व्यायाम से शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूती मिलती है। 
पूर्व प्रधान गौरव गर्ग ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे साइकिल रैली कविनगर रामलीला मैदान से शुरू होकर नया रेलवे स्टेशन गाजियाबाद, हिंट चौक, सेक्टर-5, 10 से होते हुए सेक्टर-6 आईएमए भवन पर 10 कि.मी. चलकर समाप्त हुई। साईकिल रैली में 18 वर्ष से 25 वर्ष के युवाओं ने भाग लिया। साइकिल रैली का उद्देश्य स्वास्थ्य एवं मैंटल हेल्थ के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
गौरव गर्ग ने कहा कि हमे हर हाल में खुद अपने को स्वस्थ्य रखना होगा। क्योंकि तंदुरुस्ती है जहां, तरक्की है वहां। योग, व्यायाम नियमित करने के साथ ही खान-पान की उन वस्तुओं को तौबा करेंगे जो हमारे स्वास्थ्य के लिहाज से घातक हैं। काम का बोझ व भागदौड़ के बीच अपने-आप को फीट रखने का एक मात्र उपाय नियमित दिनचर्या है। इसके लिए समय से सोना व उठना काफी जरूरी है। शारीरिक व्यायाम व योगाभ्यास को जीवन शैली का अहम हिस्सा बनाने के साथ तनाव मुक्त रहने का प्रयास करें। खासकर सुबह का मार्निंगवाक स्वस्थ जीवन का मूल-मंत्र है। इस दौरान सैक्रेटी कोमल कंसल, रोट्रेक्ट आंकाशा, प्रगुन, शुुभांगी, अनुष्का, स्वयम, वंश एवं यश समेत सैकड़ो बच्चे उपस्थित रहे।
















