सरकारी छुट्टी पर रोक, यूपी सरकार ने चार मई तक पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की छुट्टी को लेकर जारी किया निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने चार मई तक पुलिस-प्रशासन के सभी अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है। जो अधिकारी अवकाश पर हैं, उन्हें २४ घंटे के भीतर डयूटी पर आने का आदेश दिया गया है। दिल्ली हिंसा के अलावा ईद और अक्षय तृतीया पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर यह निर्णय निर्णय लिया गया है। दरअसल तीन मई को अक्षय तृतीया और ईद पर्व एक ही दिन मनाया जाना संभावित है, इसलिए शांति व्यवस्था को लेकर सरकार बेहद गंभर है। सूबे के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी के अलावा एसएसपी, सीओ और थानाध्यक्ष के अवकाश चार मई तक के लिए तत्काल प्रभाव से निरस्त कर अगले 24 घंटे में तैनाती स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ का कहना है कि हाल के दिनों में विभिन्न धर्मों के कई पवित्र पर्वों का आयोजन हुआ। यह सुखद है कि पूरे प्रदेश में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। सीएम योगी ने अधिकारियों को आगाह किया कि आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण पर्व एवं त्योहार हैं। रमजान माह चल रहा है। ईद का त्योहार और अक्षय तृतीया एक ही दिन होना संभावित है। वर्तमान परिवेश को देखकर पुलिस को अतिरिक्त संवेदनशील रहना होगा। थानाध्यक्ष से लेकर एडीजी तक अगले 24 घंटे के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के धर्मगुरुओं, समाज के अन्य प्रतिष्ठितजन के साथ बातचीत कर लें।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्देश जारी कर दिया कि थानाध्यक्ष, सीओ और पुलिस कप्तान से लेकर जिलाधिकारी, मंडलायुक्त तक सभी प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों का चार मई तक का अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त होगा। जो वर्तमान में अवकाश पर हैं, वह अगले 24 घंटे के भीतर तैनाती स्थल पर वापस लौटें। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इस व्यवस्था का पालन कराया जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि तहसीलदार, एसडीएम, थानाध्यक्ष हो या सीओ, सभी अधिकारी अपनी तैनाती के क्षेत्र में ही रात्रि विश्राम करें।