बार एसोसिएशन चुनाव अध्यक्ष के तीन और सचिव के पांच दावेदारों ने ठोकी ताल

गाजियाबाद। बार एसोसिएशन के आगामी 7 नवंबर को होने वाले आम चुनाव को लेकर कचहरी में हल-चल तेज हो गई है। बार अध्यक्ष पद के लिए जहां तीन दावेदार है, वहीं, सचिव पद के लिए पांच ने दावेदारी कर दी है। अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे सभी प्रत्याशी पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। जबकि सचिव पद के एक-एक प्रत्याशी का अनुभव है। चुनाव के लिए अब संभावित प्रत्याशी पूरी तरह से ताल ठोकने में जुट गए हैं। कचहरी में मतदान और मतगणना 7 नवंबर को ही होगी। जबकि नामांकन दो और तीन नवंबर को होगा। चार नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी,पांच नवंबर को प्रत्याशियों की अंतिम लिस्ट जारी होगी। ज्यादातर अधिवक्ता अब केस की पैरवी के साथ ही अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे है। अध्यक्ष पद के लिए पूर्व में अध्यक्ष रह चुके व पिछले साल के प्रत्याशी नाहर सिंह यादव,मुनीश त्यागी चुनाव लड़ चुके हैं,जबकि डीजीसी रहते हुए करीब 10 साल पहले सत्यकेतु सिंह ने चुनाव लड़ा था। सचिव पद के लिए चार प्रत्याशी कपिल त्यागी, आभास त्यागी, ललित मोहन शर्मा, नितिन यादव पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि मनमोहन शर्मा को पहले भी चुनाव लडऩे का अनुभव रहा है। चुनाव अधिकारी सुनील दत्त त्यागी ने बताया कि लगभग 1900 अधिवक्ताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज हो चुके हैं, जबकि अभी और नाम जुड़ेंगे। मतदाताओं के बारे में अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद ही तय हो पाएगा कि इस बार कितने मतदाता मतदान करेंगे। तहसीलों में काम करने वाले ऐसे अधिवक्ता जिनका चैंबर कचहरी में भी है और वह एक साल के अंदर तहसील में मतदान कर चुके हैं,वह बार के चुनाव में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।